शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर गर्भपात का बना रहा दबाव
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक युवती ने अपने ही परिचित पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा के अनुसार, मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पीड़िता का आरोप है कि करीब छह साल पहले उसकी मुलाकात जानकीपुरम (60 फीट रोड) निवासी अतुल कुमार रावत से हुई थी। आरोप है कि शादी का झांसा देकर अतुल उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस बीच जब युवती 15 सप्ताह की गर्भवती हो गई और उसने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी साफ मुकर गया। इतना ही नहीं, उसने युवती पर जबरन गर्भपात (अबॉर्शन) कराने का दबाव डाला और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी दी।
इसे भी पढ़ें: यौन शोषण के आरोप में बरी होने के बाद अयोध्या पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह
मामले में आरोपी के परिवार पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि अतुल के पिता मेवालाल रावत, मां और उसके मामा काली चरन रावत ने पीड़िता को पैसे देकर मामले को रफा-दफा करने और गर्भपात कराने की बात कही। पीड़िता का कहना है कि आरोपी और उसके घरवाले उसे और उसके परिवार को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। फिलहाल मड़ियांव पुलिस सभी कोणों से मामले की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें: अतीक अहमद के पांचवें सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत
