अतीक अहमद के पांचवें सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत, एक का हो चुका है एनकाउंटर, पत्नी तीन साल से फरार
Prayagraj News: माफिया से नेता बने अतीक अहमद के सबसे छोटे और पाँचवें बेटे अबान अहमद की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अबान झांसी जेल में निरुद्ध अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने गया था। मुलाकात के बाद झांसी से प्रयागराज वापस लौटते वक्त उसकी कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर बने डिवाइडर से टकरा गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। गौरतलब है कि इससे पहले अतीक के एक और बेटे असद अहमद का भी झांसी में ही पुलिस एनकाउंटर हुआ था।

अतीक अहमद के कुल पाँच बेटे थे, जिनकी मौजूदा स्थिति इस प्रकार है सबसे बड़ा बेटा उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद है, जबकि दूसरा बेटा अली अहमद झांसी जेल में सजा काट रहा है। तीसरे बेटे असद की अप्रैल 2023 में झांसी में ही पुलिस मुठभेड़ के दौरान मौत हो चुकी है। चौथा बेटा अहजम जेल से बाहर है, जबकि पाँचवें और सबसे छोटे बेटे अबान की इस दुर्घटना में जान चली गई। वहीं, अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन, ननद आयशा नूरी, अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा समेत शूटर गुड्डू मुस्लिम, मोहम्मद अरमान और मोहम्मद साबिर लगातार फरार चल रहे हैं।

यह हादसा अतीक परिवार से जुड़े पुराने घटनाक्रमों की याद दिलाता है। 15 अप्रैल, 2023 को प्रयागराज में मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की पुलिस कस्टडी में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मीडियाकर्मी बनकर आए हमलावरों ने बेहद करीब से दोनों पर गोलियां बरसाई थीं। इस मामले में गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है, जिसमें दावा किया गया था कि अतीक-अशरफ की हत्या अंडरवर्ल्ड में नाम कमाने के उद्देश्य से की गई थी।
इसे भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद की आड़ में हिंदू धर्म का अपमान
इसे भी पढ़ें: BSP के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन
