यौन शोषण के आरोप में बरी होने के बाद अयोध्या पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह, समर्थकों ने किया भव्य स्वागत
Ayodhya News: महिला पहलवानों के यौन शोषण से जुड़े बहुचर्चित मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से राहत मिलने के बाद भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह गुरुवार को अयोध्या पहुँचे। दिल्ली से हवाई मार्ग द्वारा महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते ही उनके समर्थकों और प्रशंसकों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका जबरदस्त स्वागत किया।
अयोध्या: कोर्ट से बरी होने के बाद समर्थकों ने पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह का जोरदार स्वागत किया pic.twitter.com/fHqtGADGI2
— Anjali Kumari (@AnjaliKumari009) August 6, 2026
हवाई अड्डे से बाहर निकलते ही पूर्व सांसद का एक विशाल शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला, जहाँ उनके काफिले में करीब 100 से अधिक गाड़ियाँ शामिल थीं। खुली जीप में सवार बृजभूषण सिंह के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने ‘शेर आया, शेर आया’ के जमकर नारे लगाए। इस दौरान प्रयागराज और लखनऊ राजमार्ग पर गाड़ियों के भारी हुजूम और समर्थकों की भीड़ की वजह से कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा।

अयोध्या पहुँचकर बृजभूषण शरण सिंह ने सबसे पहले प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में माथा टेका, पूजा-अर्चना की और बजरंगबली का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह गोंडा स्थित नंदिनी नगर में आयोजित सत्यमेव जयते रैली में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर उनके पुत्र और विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अदालत से पूरी तरह बरी होकर लौटने के उपलक्ष्य में समर्थकों ने यह भव्य स्वागत और विशाल शक्ति प्रदर्शन का आयोजन किया है।
इसे भी पढ़ें: अतीक अहमद के पांचवें सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत
इसे भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद की आड़ में हिंदू धर्म का अपमान
