प्रयागराज की महिला को लखनऊ के होटल में बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म, फेसबुक फ्रेंड ने की दरिंदगी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी के हाई-प्रोफाइल इलाके विभूतिखंड में एक महिला द्वारा गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग की प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद हड़कंप मच गया है। प्रयागराज निवासी महिला का आरोप है कि उसके फेसबुक फ्रेंड और उसके साथियों ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर न सिर्फ दरिंदगी की, बल्कि उसका अश्लील वीडियो बनाकर उसे बंधक भी बनाए रखा। पुलिस ने मुख्य आरोपी भूपेंद्र सिंह तोमर उर्फ मोनू सहित सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
फेसबुक की दोस्ती और होटल में खौफनाक रात
पीड़िता के अनुसार, ग्वालियर निवासी भूपेंद्र सिंह तोमर से उसकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। आरोप है कि भूपेंद्र ने उसे बहला-फुसलाकर लखनऊ बुलाया और विभूतिखंड के एक होटल में ठहराया। महिला का दावा है कि वहां उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश किया गया, जिसके बाद भूपेंद्र और उसके साथियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और वीडियो बनाकर उसे जान से मारने की धमकी दी।
CCTV फुटेज और पत्नी के विवाद से बदली कहानी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब पुलिस ने होटल के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले, तो कहानी में नया मोड़ आ गया। एसीपी विभूतिखंड विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि 19 अप्रैल के फुटेज में महिला और आरोपी सामान्य रूप से होटल में प्रवेश करते दिख रहे हैं, जहाँ कोई जबरदस्ती नहीं दिख रही। जांच में पता चला कि उसी दिन भूपेंद्र की पत्नी को होटल में मौजूदगी की भनक लग गई थी। पत्नी ने होटल पहुंचकर पति और उक्त महिला के बीच काफी हंगामा किया था और महिला को चेतावनी भी दी थी।
इसे भी पढ़ें: यूपी में मई से बदलेंगे श्रमिकों के नियम, 8 घंटे की ड्यूटी
पुलिस को हनीट्रैप या पुरानी रंजिश का शक
इंस्पेक्टर अमर सिंह के मुताबिक, पीड़िता का अपने पति से विवाद चल रहा है। पुलिस की प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि महिला पहले भी अन्य लोगों के खिलाफ इसी तरह के मुकदमे दर्ज करा चुकी है। पुलिस अब इस बिंदु पर फोकस कर रही है कि क्या यह मामला वास्तव में अपराध का है या फिर पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद प्रतिशोध में दर्ज कराई गई रिपोर्ट है।
विभूतिखंड पुलिस फिलहाल फॉरेंसिक रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों का इंतजार कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की सच्चाई स्पष्ट करने के लिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें: राघव चड्ढा ने छोड़ी आप, भाजपा में होंगे शामिल, संजय सिंह बोले- ऑपरेशन लोटस
