सांप्रदायिकता का हवाला देकर हेड कॉन्स्टेबल जमशेद ने दिया इस्तीफा, एसएसपी ने कहा- काउंसलिंग कराई जाएगी
Bareilly Head Constable Resigns: उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस विभाग से एक हेड कॉन्स्टेबल के इस्तीफे ने सनसनी फैला दी है। मोहम्मद जमशेद नाम के इस हेड कॉन्स्टेबल ने देश में बढ़ती सांप्रदायिकता के चलते अपने पद से इस्तीफा देकर राजनीति में जाने का फैसला किया है। उनका यह त्यागपत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने साफ तौर पर धर्मनिरपेक्षता, समानता और एकता के लिए राजनीति में आने की बात कही है।
पुलिस की वर्दी ने दिया सम्मान, लेकिन अब राजनीति जरूरी
एसएसपी को संबोधित अपने त्याग पत्र में मोहम्मद जमशेद ने लिखा है कि पुलिस की वर्दी ने उन्हें बहुत सम्मान दिया है। उन्होंने अपने पत्र में कहा, एक अच्छा पुलिसवाला बनते हुए कभी वर्दी के सम्मान के साथ समझौता नहीं किया। मैं पुलिस की नौकरी से पूरी तरह संतुष्ट हूं, लेकिन वर्तमान समय में देश और प्रदेश में सांप्रदायिकता बढ़ती जा रही है। आदमी एक-दूसरे का दुश्मन बन गया है।
उन्होंने आगे लिखा, मैं सांप्रदायिकता को कम करने और देश सेवा के लिए राजनीति में जाना चाहता हूं। इसी कारण से मैं पुलिस सेवा से त्यागपत्र दे रहा हूं। मैं प्रदेश में दोबारा भाईचारा कायम करूंगा। धर्मनिरपेक्षता, समानता और एकता के लिए ही राजनीति में आ रहा हूं।
📍बरेली : हेड कांस्टेबल ने नौकरी से दिया इस्तीफा!
➡️ GRP में तैनात हेड कांस्टेबल ने नौकरी से दिया इस्तीफा
➡️ एसएसपी बरेली के नाम दिया त्यागपत्र
➡️ लिखा- सांप्रदायिकता के खिलाफ जंग खुलकर लड़ी जाएगी
➡️ हेड कांस्टेबल मोहम्मद जमशेद का त्यागपत्र सोशल मीडिया में हुआ वायरल#Bareilly… pic.twitter.com/Vq4zngxHCu— सिटी टाइम्स । CITY Times (@CityTimes2421) June 14, 2026
वीडियो बनाकर बताया मकसद, बोले- हमारा मकसद छोटा नहीं है
मोहम्मद जमशेद ने अपने इस्तीफे को लेकर एक वीडियो भी बनाया है, जिसमें उन्होंने अपने पत्र को पढ़कर सुनाया है। त्यागपत्र पर 14 जून, 2026 की तारीख लिखी हुई है। वीडियो में जमशेद कहते हैं, दोस्तों, नौकरी छोड़ना आसान नहीं होता है। हमारा मकसद भी छोटा नहीं है। हम सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ रहे हैं, उन ताकतों के खिलाफ लड़ रहे हैं जो देश में बंटवारा करना चाहती हैं। हम समानता, एकता और धर्मनिरपेक्षता लाएंगे। इसी के लिए हम पुलिस सेवा से अपना त्यागपत्र दे रहे हैं।
विभाग को नहीं, सीधे सोशल मीडिया पर भेजा इस्तीफा
एसपी जीआरपी आशुतोष शुक्ला ने बताया कि सिपाही ने यह त्यागपत्र विभाग में किसी अधिकारी को नहीं भेजा, बल्कि इसे सीधे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। चूंकि मामला अनुशासित पुलिस बल से जुड़ा है, इसलिए आगे की कार्रवाई के लिए इस पत्र को एसएसपी बरेली को भेज दिया गया है।
इसे भी पढ़ें: अखिलेश यादव की बेटी का एक और अपत्तिजनक तस्वीर वायरल
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा- पहले होगी काउंसलिंग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हेड कॉन्स्टेबल जमशेद को उनके पुराने थाने से पहले ही कार्यमुक्त किया जा चुका है। अभी तक उन्होंने पुलिस लाइन में ज्वाइनिंग नहीं दर्ज कराई है। इस पूरे मामले पर एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा, इस बारे में एसपी जीआरपी से बात कर ली गई है। त्यागपत्र हमारे पास आएगा तो हेड कॉन्स्टेबल की काउंसलिंग कराई जाएगी। फिलहाल, जमशेद के इस कदम से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है और उनके इस्तीफे के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनके फैसले को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: टीवी अभिनेत्री संचिता उगले ने की आत्महत्या
