अलवर: महिला अपराधों को लेकर राजस्थान काफी दिनों से चर्चा में बना हुआ है। राज्य में दरिंदगी की कई ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामला अलवर के बानसूर क्षेत्र से सामने आया है, जहां ससुर को पूछते हुए घर में घुसे कुछ लोगों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। बेहोशी की हालत में झाड़ियों में मिली महिला को पड़ोसियों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया है। अस्पताल में जांच के बाद पता चला कि महिला के साथ गैंगरेप किया गया है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त महिला के साथ मारपीट भी की गई है। महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं।

पीड़िता के मुताबिक कुछ लोग उसके ससुर को पूछते हुए उसके घर आए थे। उसने जब घर पर नहीं होने की बात कही तो वो लोग जबरन उसके घर में घुस गए और उस पर टूट पड़े। इस दौरान उन्होंने महिला को जबरन नशीला पदार्थ पिलाया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद सभी ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। गांव वाले पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: युवकों ने किशोरी से किया गैंगरेप

मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में राजस्थान में गैंगरेप की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं, जिसके चलते राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

इसे भी पढ़ें: डीजीपी से फरियाद, आशिक मिजाज दरोगा से पत्नी को बचा लीजिए

Spread the news