नई दिल्ली: राष्ट्रपति पद की एनडीए उम्मीदवार (NDA candidate) द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) को आधिकारिक तौर पर विजेता घोषित कर दिया गया है। रिटर्निंग ऑफिसर और राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने द्रोपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) को विजेता घोषित किया। कुल वोट 4754 पड़े जिसमें से द्रौपदी मुर्मू को 2824 वोट मिले जिनका मूल्य 676803 है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्रोपदी मुर्मू के घर पहुंचकर उन्हें जीत की बधाई दी।

द्रौपदी मुर्मू की जीत पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि भारत ने इतिहास लिखा है। ऐसे समय में जब 1.3 अरब भारतीय आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, पूर्वी भारत के एक सुदूर हिस्से में पैदा हुए एक आदिवासी समुदाय की भारत की बेटी को हमारा राष्ट्रपति चुना गया है। इस उपलब्धि पर द्रौपदी मुर्मू जी को बधाई। उनका जीवन, उनके शुरुआती संघर्ष, उनकी समृद्ध सेवा और उनकी अनुकरणीय सफलता प्रत्येक भारतीय को प्रेरित करती है। वह हमारे नागरिकों, विशेष रूप से गरीबों और दलितों के लिए आशा की किरण बनकर उभरी हैं।

Draupadi Murmu wins Presidential election

मायावती ने दी बधाई

बसपा सुप्रीमो मायावती ने देश का राष्ट्रपति चुने जाने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “शोषित व अति-पिछड़े आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू को देश के राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में भारी मतों से आज निर्वाचित होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं ढेरों शुभकामनाएं। वे एक कुशल व सफल राष्ट्रपति साबित होंगी, ऐसी देश को उम्मीद है।” उन्होंने आगे लिखा कि देश में एसटी वर्ग की पहली महिला राष्ट्रपति उम्मीदवार होने के नाते बीएसपी ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उनको अपना समर्थन व वोट दिया।

नरेंद्र सिंह तोमर ने दी बधाई

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि, “द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव में विजयी हुई हैं। पूरा देश जश्न मना रहा है। मैं उन्हें राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई देता हूं और शुभकामनाएं देता हूं।”

नेपाल के प्रधानमंत्री ने दी बधाई

नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने द्रौपदी मुर्मू को भारत का राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “नेपाल की सरकार और लोगों की ओर से, मैं श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई देना चाहता हूं। मुझे विश्वास है कि नेपाल और भारत के बीच उत्कृष्ट द्विपक्षीय संबंध आने वाले दिनों में नई ऊंचाइयों को देखेंगे।”

जेपी नड्डा ने आवास पर जाकर दी बधाई

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में द्रौपदी मुर्मू के आवास पर जाकर उन्हें को देश का नया राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी।

पुष्कर सिंह धामी ने दी बधाई

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आदिवासी व्यक्ति को भारत का राष्ट्रपति बनने का सम्मान मिल रहा है। द्रौपदी मुर्मू के चुनाव ने लोकतंत्र और संविधान में जनता के विश्वास को और मजबूत किया है। मैं उन्हें बधाई देता हूं।

मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर दी बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, “एक अति सामान्य जनजातीय परिवार से आने वाली NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू जी का भारत का राष्ट्रपति चुना जाना पूरे देश के लिए अत्यंत गौरव का पल है, उन्हें बधाई देता हूं। यह विजय अन्त्योदय के संकल्प को चरितार्थ करने व जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है।”

लोकसभा अध्यक्ष ने दी बधाई

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू जी को देश की राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई। जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को वाणी देने तथा उनकी समस्याओं के समाधान में आपकी सदैव महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आशा है आपके कुशल मार्गदर्शन में देशवासी नए भारत के निर्माण में अग्रणी योगदान देंगे।

संबित पात्रा ने मनाया जश्न

एनडीए के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत पर भाजपा नेता संबित पात्रा ने ओडिशा के पिपिली के जसुपुर गांव में स्थानीय लोगों के साथ डांस किया और जश्न मनाया।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दी बधाई

निवर्तमान भारत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश का नया राष्ट्रपति चुने जाने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “द्रौपदी मुर्मू का भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”

इसे भी पढ़ें: मोदी का मिशन 2024: मोहित यादव को अखिलेश का विकल्प बना रहे मोदी

शिवराज सिंह चौहान ने दी बधाई

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। उन्होंने कहा आज वह देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए चुनी गई हैं। यह भारत के लोकतंत्र की विशेषता है। मैं द्रौपदी मुर्मू को हार्दिक बधाई देता हूं। मुझे विश्वास है कि वह अपने कर्तव्यों का पालन करके भारत को गौरवान्वित करेंगी।

नवीन पटनायक ने द्रौपदी मुर्मू को दी बधाई

ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने लिखा कि भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर ओडिशा की बेटी द्रौपदी मुर्मू को बधाई। ये वास्तव में ओडिशा में सभी के लिए बहुत गर्व का क्षण है कि उन्हें देश के सर्वोच्च पद के लिए चुना गया है। एक विनम्र शुरुआत से लेकर देश की पहली नागरिक बनने तक की उनकी यात्रा वास्तव में प्रेरणादायक है और उनकी यात्रा महिला सशक्तिकरण का एक चमकदार उदाहरण है। उन्हें आगे के एक पूर्ण कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।

यशवंत सिन्हा ने दी बधाई

विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने ट्वीट कर लिखा कि मैं राष्ट्रपति चुनाव 2022 में उनकी जीत पर द्रौपदी मुर्मू को दिल से बधाई देता हूं। मुझे और हर भारतीय उम्मीद है कि 15वें राष्ट्रपति के रूप में वह बिना किसी डर या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करें। मैं देशवासियों के साथ उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।

इसे भी पढ़ें: स्थापना दिवस पर विभूतियां हुईं सम्मानित

Spread the news