Bihar-UP Weather: उत्तर भारत में गर्मी इन दिनों प्रचंड रूप ले लिया है। चिलचिलाती धूप और लू के चलते हाहाकार मचा हुआ है। भीषण गर्मी के चलते लोगों का जीना मुहाल हो गया है। वहीं लू लगने से मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। उत्तर प्रदेश और बिहार में भीषण गर्मी के चलते मरने वालों की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का हाल भी बहुत ही बुरा है। 15 से 17 जून के बीच जो लोग जिला अस्पताल में भर्ती हुए थे, उनमें से कम से कम 55 लोगों की मौत गर्मी के चलते हो गई है।

बताया जा रहा है मरने वाले अधिकतर मरीज 60 साल से ऊपर के थे। वहीं लू लगने की वजह से बीमार होने वाले लोगों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। खबरों के मुताबिक, गर्मी के चलते हो रही मौतों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने मौतों की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा बलिया जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक दिवाकर सिंह का ट्रांसफर भी कर दिया गया है। बलिया में शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था।

इसे भी पढ़ें: गौशाला में खामियां मिलने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

बिहार में 48 घंटे में हुई 24 लोगों की मौत

यूपी से सटे राज्य बिहार के हाल भी बदतर हो रहे हैं। लू की चपेट में आने से राज्य के कई जिलों के अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। राज्य के कई जिलों में पारा भी 42 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। गौरतलब है कि बीते दो दिनों में लू लगने से बिहार में 24 लोगों की मौत हो गई है। भोजपुर में लू लगने से मौत का आंकड़ा सबसे ज्यादा है। यहां गर्मी की वजह से अब तक 10 मौतें हो चुकी हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने रविवार को भी 6 जिलों में रेड, 8 जिलों में ऑरेंज और 4 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिन तक गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: नैमिष धाम में शीघ्र स्थापित होगा वेद विज्ञान केंद्र

Spread the news