ED के छापे पर भगवंत मान का हमला, बोले– भाजपा अब भारत जलाओ पार्टी बन चुकी है

ed raid punjab

चंडीगढ़: पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के सरकारी आवास पर शनिवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। इस कार्रवाई के बाद पंजाब का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बिना लगाम लगाए केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

भाजपा संस्थाओं का कर रही दुरुपयोग

संगरूर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं को तमाशा बनाकर रख दिया है। मान ने कहा कि पहले अन्य राज्य हमले के शिकार हुए, अब पंजाब उनकी निशाने पर है। उन्होंने पूछा कि छापे केवल उन राज्यों में ही क्यों मारे जा रहे हैं, जहां भाजपा की सरकार नहीं है? उन्होंने इसे लोकतंत्र की सीधी हत्या बताया।

अशोक मित्तल का मामला याद दिलाया

मुख्यमंत्री ने पुराना उदाहरण देते हुए कहा कि पहले अशोक मित्तल के कारोबारी घरानों पर ईडी की रेड पड़ी, और जैसे ही वह भाजपा में शामिल हुए, रेड खत्म हो गई। मान का आरोप था कि जहां भाजपा चुनाव नहीं जीत पाती, वहां वह ईडी-सीबीआई भेजकर लोगों को डराती-धमकाती है और उन्हें अपने पक्ष में करने की कोशिश करती है। यह तरीका (मोडस ऑपरेंडी) हर जगह एक जैसा है।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि पंजाबियों के खिलाफ नफरत और भेदभाव की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा, मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं और पीरों की धरती है। इस उपजाऊ मिट्टी में हर बीज अंकुरित हो सकता है, लेकिन नफरत का बीज यहां कभी जड़ नहीं जमा सकता। उन्होंने डराने-धमकाने के लिए नए-नए हथकंडे अपनाए जाने का आरोप भी लगाया।

इसे भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी ने ली पहले BJP CM के रूप में शपथ

भगवंत मान ने कहा कि भाजपा की यही कार्यशैली है पहले अराजकता फैलाओ, फिर वोट मांगो। उन्होंने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और ओडिशा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पहले आग लगाकर सरकार बनाई गई। अब पंजाब के लिए भी यही फार्मूला अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, भाजपा ने बंगाल में सरकार हमारी है’ का नारा दिया था और अब पंजाब में बारी है’ कह रहे हैं। भाजपा अब भारत जलाओ पार्टी बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के लोग पंजाब को निशाना बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। पिछले दिनों एक कारोबारी के ठिकाने पर ईडी की रेड हुई, जिसे जानबूझकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह डराने का प्रयास है, लेकिन इसे सफल नहीं होने दिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या में यूपी कनेक्शन का खुलासा

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...