कौन हैं ममता चौधरी जिस विवाद के बाद अजय राय ने कहा दो कौड़ी की औरत
UP Congress Office Clash Lucknow: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में लंबे समय से सुलग रही अंतर्कलह रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में खुलकर सड़क पर आ गई। हाल ही में अजय राय को हटाकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ को बनाया गया है। रविवार को जब आराधना मिश्रा अपना पदभार ग्रहण कर रही थीं, उसी दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष की करीबी और महिला कांग्रेस नेत्री ममता चौधरी तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समर्थकों के बीच भयंकर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह हाई-वाल्टेज ड्रामा गाली-गलौच, हाथापाई और मारपीट में बदल गया, जिससे पूरे राजनीतिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।
इस पूरे घटनाक्रम के केंद्र में रहीं कांग्रेस पार्षद ममता चौधरी इस समय उत्तर प्रदेश की राजनीति में खासी चर्चा का विषय बन गईं हैं। 43 वर्षीय ममता चौधरी लखनऊ नगर निगम के मालवीय नगर (वार्ड नंबर-21) से कांग्रेस पार्षद हैं और नगर निगम सदन में कांग्रेस पार्टी की नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस (मध्य जोन) की अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय से वर्ष 2001 में स्नातक (BA) की डिग्री प्राप्त की है। ममता लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहने के साथ ही वर्ष 2022 में मोहनलालगंज सुरक्षित सीट से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा और प्रमोद तिवारी लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में हुए झगड़े के दौरान अजय राय को शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। टकराव के दौरान राय के समर्थकों को बेहद गंदी गालियां देते हुए देखा गया।#rahulgandhi #ajayrai #congress pic.twitter.com/lxJToPUxEk
— News Corridors (@News_Corridors_) October 12, 2026
अपनी औकात में रहो वाले बयान पर भड़का विवाद
घटना के बारे में बताते हुए ममता चौधरी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जब वे और अन्य महिला कार्यकर्ता नवनिर्वाचित अध्यक्ष आराधना मिश्रा का स्वागत कर रही थीं, तभी अजय राय ने उन पर चिल्लाते हुए अपमानजनक लहजे में कहा कि अपनी औकात में रहो। ममता का आरोप है कि जब इसका विरोध किया गया, तो अजय राय के इशारे पर उनके समर्थकों ने गुंडों की तरह बर्ताव किया।
इसे भी पढ़ें: पाकिस्तान में आपातकाल के बाद हालात बेकाबू, भीड़ ने गवर्नर हाउस में लगाई आग
महिलाओं के खिलाफ जूते-चप्पल उठाने और मारपीट का आरोप
ममता चौधरी ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि अजय राय के साथ आए उपद्रवियों ने महिलाओं के खिलाफ हाथों में जूते-चप्पल उठा लिए और उन पर हमला बोल दिया। उन्होंने इस पूरे वाकये को दलित उत्पीड़न और महिला कार्यकर्ताओं के सम्मान पर सीधा प्रहार बताया है। दूसरी ओर, अजय राय खेमे का दावा है कि ममता चौधरी के समर्थकों की तरफ से पहले अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया था, जिसके बाद उनके लोगों ने विरोध जताया। अजय राय ने इस पूरे मामले की औपचारिक शिकायत पार्टी के वरिष्ठ केंद्रीय नेतृत्व से करते हुए ममता चौधरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
राहुल गांधी से की जाएगी शिकायत
इस शर्मनाक घटना के बाद पीड़ित नेत्री ममता चौधरी ने ऐलान किया है कि उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही दिल्ली पहुंचेगा और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात कर अजय राय के इस अशोभनीय व सामंती व्यवहार की शिकायत करेगा। बहरहाल, नए नेतृत्व के कार्यभार संभालने के साथ ही कांग्रेस दफ्तर में हुई इस गुटबाजी ने पार्टी की फजीहत करा दी है और यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: ध्रुव राठी की महीने की 60 लाख है इनकम, जर्मनी से भारत तक फैला है बिजनेस
