UPSC की तैयारी कर रही छात्रा को लखनऊ में बंधक बनाकर दोस्तों ने 3 दिन तक किया गैंगरेप
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से रिश्तों को शर्मसार करने वाली और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। दिल्ली में रहकर यूपीएससी (UPSC) की तैयारी कर रही जौनपुर की एक छात्रा को उसके ही दूर के एक परिचित ने झांसा देकर चारबाग स्टेशन पर ट्रेन से उतार लिया। इसके बाद आरोपी उसे सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में अपने कमरे पर ले गया, जहाँ नशीली कॉफी पिलाकर बंधक बनाया और अपने दोस्तों के साथ मिलकर तीन दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया।
वारदात के बाद डरी-सहमी छात्रा किसी तरह दिल्ली पहुँची, जहाँ रेलवे हेल्पलाइन की मदद से आरोपियों के खिलाफ दिल्ली के आनंद विहार थाने में जीरो एफआईआर (Zero FIR) दर्ज कराई गई, जिसे अब लखनऊ ट्रांसफर कर दिया गया है।
एडमिट कार्ड लेने दिल्ली जा रही थी पीड़िता
पीड़िता दिल्ली के एक नामी कॉलेज से बीए ऑनर्स की पढ़ाई कर रही है। उसने पुलिस को बताया कि कॉलेज में छुट्टियां होने के कारण वह 1 मई को जौनपुर स्थित अपने घर आई थी। परीक्षा का एडमिट कार्ड आ जाने के कारण वह 15 मई को वापस दिल्ली जाने के लिए सुहेलदेव एक्सप्रेस में बैठी थी। सफर के दौरान उसने जौनपुर के जलालपुर निवासी शिवम यादव को वॉट्सएप पर मैसेज किया, जिसे वह पिछले 4-5 साल से जानती थी।
स्टेशन से रूम पर ले जाकर दी नशीली कॉफी
जब ट्रेन लखनऊ के चारबाग स्टेशन पहुँची, तो शिवम अपने दोस्त शनि यादव के साथ वहाँ आ गया। शिवम ने पीड़िता को यह कहकर ट्रेन से उतरने के लिए मना लिया कि वह उसके घरवालों से बात कर लेगा और कोई समस्या नहीं होगी। दोनों आरोपी छात्रा को सुशांत गोल्फ सिटी में मेदांता अस्पताल के पास स्थित एक कमरे पर ले गए। वहाँ शिवम ने पीड़िता को कॉफी दी, जिसमें नींद की गोली मिली हुई थी। कॉफी पीते ही जब युवती बेहोश होने लगी, तो शिवम ने उसके साथ जबरदस्ती बलात्कार किया।
तीन दिन तक बंधक बनाकर बारी-बारी से किया कुकृत्य
हैवानियत का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। अगले दिन 16 मई को मौका पाकर शनि यादव ने भी छात्रा के साथ जबरन संबंध बनाए। विरोध करने पर पीड़िता को प्रताड़ित किया गया और भागने से रोकने के लिए कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया जाता था। 17 मई को इस घिनौने खेल में एक तीसरा अज्ञात लड़का भी शामिल हो गया। तीनों आरोपियों ने मिलकर तीन दिनों तक छात्रा को बंधक बनाए रखा और उसका यौन शोषण करते रहे।
इसे भी पढ़ें: कार में प्रियंका के साथ आउट ऑफ कंट्रोल हुए निक
उसी ट्रेन से वापस भेजा, रेलवे हेल्पलाइन ने की मदद
तीन दिन तक दरिंदगी करने के बाद मुख्य आरोपी शिवम ने कैब बुक कर छात्रा को चारबाग स्टेशन छोड़ा और सुहेलदेव एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में बैठाकर दिल्ली रवाना कर दिया। दिल्ली पहुँचने पर पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पूरी आपबीती अपने पिता को बताई। पिता ने तुरंत ‘139’ रेलवे हेल्पलाइन पर संपर्क कर मदद माँगी। जीआरपी (GRP) ने मुस्तैदी दिखाते हुए आनंद विहार स्टेशन पर युवती को अटेंड किया और उसे थाने ले गए, जहाँ शून्य पर मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ के एडीसीपी साउथ ने बताया कि दिल्ली के आनंद विहार थाने से केस डायरी लखनऊ ट्रांसफर होकर आ गई है। पुलिस की 5 अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं जो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक जाँच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़िता का परिवार आपस में दूर का रिश्तेदार है और एक-दूसरे को पिछले 5 सालों से जानते हैं। पुलिस ने जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा किया है।
इसे भी पढ़ें: इवांका ट्रंप की हत्या की बड़ी साजिश नाकाम
