रणबीर कपूर स्टारर रामायण के सेट पर लगी भीषण आग
Film City Fire News: मुंबई के गोरेगांव ईस्ट स्थित प्रसिद्ध फिल्म सिटी में सोमवार शाम एक अस्थायी शूटिंग सेट पर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह हादसा रिलायंस मीडियावर्क्स के पास और प्राइम फोकस स्टूडियो के ठीक पीछे बने सेट पर हुआ। सूत्रों के मुताबिक, जिस सेट में आग लगी वह निर्देशक नितेश तिवारी की बहुचर्चित और भव्य फिल्म ‘रामायण’ का बताया जा रहा है, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर मुख्य भूमिका में हैं।
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) और मुंबई फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार, कंट्रोल रूम को शाम 4:02 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इसे ‘लेवल-वन’ की आपातकालीन घटना श्रेणी में रखा गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि आग मुख्य रूप से सेट की अस्थायी पीसीआर (PCR) यूनिट तक ही सीमित रही, लेकिन धुएं और लपटों के कारण पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
इसे भी पढ़ें: प्रतापगढ़ के वरिष्ठ अधिवक्ता राधाकांत ओझा जाएंगे राज्यसभा
शूटिंग का लाखों का सामान जलकर राख
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, बीएमसी वार्ड कंट्रोल और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें तुरंत मौके पर तैनात कर दी गईं। दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद शाम 4:55 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, आग की चपेट में आने से सेट की इलेक्ट्रिकल वायरिंग, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, भारी केबल, लकड़ी के तख्ते, एसी यूनिट, बांस, प्लास्टिक सामग्री, साउंड सिस्टम और शूटिंग से जुड़ा काफी कीमती सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों और कुल वित्तीय नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: भारतीय कुश्ती के लिए एतिहासिक एवं स्वर्णिम दिन
