इजराइल ने महिलाओं के अपहरण में शामिल हमास आतंकी को किया ढेर, 3 साल पुराना बदला लिया
तेल अवीव: इजराइल रक्षा बलों (IDF) और खुफिया एजेंसी शिन बेट ने एक विशेष संयुक्त अभियान में 7 अक्टूबर, 2023 के भीषण हमलों में शामिल मुख्य आतंकियों में से एक को ढेर कर दिया है। लाहाव 433 की विशेष गिदोनिम यूनिट 33 के साथ मिलकर की गई इस कार्रवाई में नोवा म्यूजिक फेस्टिवल से नोआ अर्गामानी और उनके साथी अविनातन ओर का अपहरण करने वाले आतंकी को मार गिराया गया। सैन्य और सुरक्षा एजेंसियों ने रविवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर इस बड़ी सफलता की पुष्टि की है।
मोटरसाइकिल पर अगवा कर गाजा ले गया था आतंकी
इजराइली रक्षा बलों के अनुसार, मारे गए आतंकी की पहचान निदाल लतीफी साकर के रूप में हुई है। 7 अक्टूबर के नरसंहार के दौरान साकर ने इजराइली सीमा में अवैध घुसपैठ की थी। उसने नोवा म्यूजिक फेस्टिवल से नोआ अर्गामानी और अविनातन ओर को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और गाजा ले गया। इस खौफनाक वारदात का वीडियो भी साकर ने खुद रिकॉर्ड किया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
🔴ELIMINATED: Saher Nidal Latfi Sakr, a terrorist operative affiliated with global jihadist organizations operating in Gaza. Among other activities, he supplied weapons to Hamas during the war.
Sakr infiltrated Israel during the October 7 Massacre and drove the motorcycle used… pic.twitter.com/5eHFifE6l9
— Israel Defense Forces (@IDF) September 27, 2026
आईडीएफ द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, साकर गाजा पट्टी में सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय जिहादी संगठन से गहराई से जुड़ा हुआ था। युद्ध के दौरान उसने न केवल हमास को हथियारों और गोला-बारूद की आपूर्ति की, बल्कि लगातार इजराइली सैनिकों और नागरिकों पर हमले की साजिशें भी रच रहा था। सुरक्षा बलों ने उसके तत्काल खतरे को बेअसर करने के लिए इस सटीक ऑपरेशन को अंजाम दिया।
245 दिनों की कैद के बाद ऑपरेशन अर्नोन में बचाई गई थीं नोआ अर्गामानी
उल्लेखनीय है कि नोआ अर्गामानी को 8 जून, 2024 को गाजा में 245 दिनों तक बंधक रहने के बाद इजराइली सेना के साहसिक ऑपरेशन अर्नोन के तहत सुरक्षित छुड़ाया गया था। इस ऑपरेशन में उनके साथ एंड्री कोजलोव, अल्मोग मीर जान और श्लोमी जिव को भी रिहा कराया गया था। वहीं, उनके साथी अविनातन ओर को अक्टूबर 2025 में हुए समझौते के तहत रिहा किया गया।
इसे भी पढ़ें: लद्दाख की वादियों में सुकून की तलाश में हिना खान, मठ में बौद्ध भिक्षुओं संग ध्यान लगाती दिखीं
अपहरणकर्ताओं का जारी है सफाया अभियान
इजराइली सुरक्षा बल बंधकों के अपहरण और उत्पीड़न में शामिल प्रत्येक आतंकी का हिसाब चुकता कर रहे हैं। इससे पहले जुलाई में भी सुरक्षा बलों ने एक बड़े हवाई हमले में मुजाहिदीन ब्रिगेड के कमांडर अहमद हुसैन मोहम्मद कफीना समेत दो शीर्ष आतंकियों को मार गिराया था। कफीना भी नोआ अर्गामानी और अविनातन ओर के किडनैपिंग ऑपरेशन का मुख्य मास्टरमाइंड था।
इसे भी पढ़ें: कुलपति की कुर्सी: विश्वविद्यालय की मर्यादा या सत्ता की पसंद?
