धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP नेताओं ने फाइव स्टार होटल में मनाया जश्न, वीडियो वायरल होने पर छिड़ा विवाद

CJP Celebration Hotel

Education Minister Resignation: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जंतर-मंतर पर एक महीने से अधिक समय से चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का आंदोलन अब जश्न में तब्दील हो गया है। लंबी लड़ाई और मांग पूरी होने की खुशी में सीजेपी के शीर्ष नेता और कार्यकर्ता जमकर थिरकते नजर आए। हालांकि, इस जीत के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए जश्न के वीडियो ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है, जिसे लेकर इंटरनेट पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

बॉलीवुड गानों पर थिरके सीजेपी नेता, मनाया जश्न

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियोज में सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका समेत कोर टीम के दर्जनों सदस्य बॉलीवुड के हिट गानों पर डांस करते दिख रहे हैं। ‘ओ लड़की ब्यूटीफुल कर गई चुल’ और ‘नागिन डांस’ जैसे गानों पर नेता जमकर थिरकते नजर आए। एक अन्य वीडियो में सौरभ दास केक काटते हुए इस जीत का श्रेय आंदोलन को देते हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खुशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते दिखे।

टाइफाइड से पीड़ित अभिजीत दीपके भी आए नजर

वायरल वीडियो के एक फ्रेम में आंदोलन से जुड़े अभिजीत दीपके भी डांस फ्लोर के पास बैठे नजर आ रहे हैं। दीपके इन दिनों टाइफाइड से पीड़ित हैं और उनके हाथ में कैनुला लगा हुआ है। इससे यह स्पष्ट होता है कि यह वीडियो धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद का ही है। इससे पहले, इस्तीफे की आधिकारिक सूचना मिलते ही जंतर-मंतर पर मौजूद समर्थकों ने भी एक-दूसरे को गले लगाकर और नाच-गाकर जीत की बधाई दी थी।

होटल में जश्न के दावों पर घिरी CJP, सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना

जश्न के इन वीडियोज के सामने आते ही सोशल मीडिया पर सीजेपी नेताओं की आलोचना शुरू हो गई है। कई दावों में कहा जा रहा है कि आंदोलन खत्म होते ही नेताओं ने किसी फाइव स्टार होटल में लग्जरी पार्टी की। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि यह कार्यक्रम कहां आयोजित किया गया था।

इसे भी पढ़ें: लचर शिक्षा व्यवस्था: पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवैधानिक उत्तरदायित्व की चुनौती

यूजर्स का आरोप है कि जिन गरीब छात्रों और समर्थकों ने पुलिस की लाठियां और आंसू गैस के गोले सहे, वे अब बसों और ट्रेनों में भरकर अपने घर लौट रहे हैं, जबकि शीर्ष नेतृत्व लग्जरी माहौल में जश्न मना रहा है। कई लोगों ने आंदोलन के दौरान खाना खिलाने वाले जुनैद का भी जिक्र किया, जो फिलहाल कथित तौर पर पुलिस जांच का सामना कर रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रोहित गुप्ता नाम के एक यूजर ने लिखा, प्रधान के इस्तीफे के बाद सीजेपी सदस्यों द्वारा बड़े होटल में जश्न का वीडियो चौंकाने वाला है। आम छात्रों ने चोटें खाईं और जेब से पैसे खर्च किए, जबकि ये नेता अब डांस कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का श्रेय लेने की होड़, सपा कार्यालय के बाहर लगी होर्डिंग्स

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...