NEET विवाद पर राहुल गांधी का केंद्र पर तीखा हमला: बोले- 10 साल में 152 पेपर लीक
नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता (LoP) राहुल गांधी ने बुधवार शाम एक अहम प्रेस वार्ता कर NEET परीक्षा में धांधली, सिलसिलेवार पेपर लीक और विरोध दर्ज करा रहे युवाओं पर पुलिस के कड़े रवैये को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया।
छात्रों ने कोई अपराध नहीं किया, फिर लाठियां क्यों
संवाददाता सम्मेलन के दौरान राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं पर हुई पुलिसिया कार्रवाई के वीडियो फुटेज मीडिया को दिखाए। उन्होंने सरकार से सीधा सवाल करते हुए कहा कि अपने अधिकारों की मांग कर रहे युवाओं पर इस तरह का बल प्रयोग क्यों किया जा रहा है? उन्होंने कहा, “ये छात्र कोई अपराधी नहीं हैं, वे बेहद शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज उठा रहे थे। देश की युवा पीढ़ी केवल अपने उज्ज्वल भविष्य की गारंटी और न्याय मांग रही है।
10 वर्षों का आंकड़ा देकर साधा निशाना
देश की वर्तमान परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि बीते एक दशक में 152 से अधिक परीक्षाओं के पर्चे लीक हो चुके हैं। इस स्थिति ने देश के शिक्षा ढांचे को पूरी तरह चरमरा दिया है।
इसे भी पढ़ें: योगी की नीति, नीयत और छवि को लील रहे प्रदेश के कुछ खास नौकरशाह
उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक से ज्यादा एक मानवीय और बेहद संवेदनशील मामला है। लगातार पेपर रद्द होने और भविष्य की अनिश्चितता से परेशान होकर कई होनहार छात्र आत्महत्या जैसे खौफनाक कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। इसके बावजूद सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
संसद में चर्चा और इस्तीफे की मांग
राहुल गांधी ने साफ शब्दों में दोहराया कि विपक्ष NEET परीक्षा में हुई धांधली की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग से पीछे नहीं हटेगा। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि संसद के पटल पर इस राष्ट्रीय मुद्दे पर बिना किसी रुकावट के व्यापक चर्चा कराई जाए।
इसे भी पढ़ें: कर्दम ऋषि, माता देवहूति और भगवान कपिल के प्राकट्य की जानिए अलौकिक कथा
