संसद मार्च हिंसा में घायलों का हाल जानने RML अस्पताल पहुंचे जेपी नड्डा, राहुल और प्रियंका गांधी ने भी की मुलाकात
CJP Protest March Delhi Violence: राजधानी दिल्ली में सोमवार को संसद की ओर निकाला गया सीजेपी (CJP) का विरोध प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया था। इस हिंसा में घायल हुए लोगों का हाल-चाल जानने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और डॉक्टरों की टीम के साथ बैठक कर इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दूसरी तरफ, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी RML अस्पताल पहुंचकर घायल प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और उनका हाल जाना।
हिंसा में 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी और 60 प्रदर्शनकारी घायल
सोमवार को हुए इस उग्र प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि प्रदर्शनकारियों के साथ हुई झड़पों में 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि लगभग 60 प्रदर्शनकारियों को भी चोटें आई हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, बैरिकेड्स उखाड़ फेंके और सरकारी तथा पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की। कनॉट प्लेस और पार्लियामेंट स्ट्रीट इलाके में हुई इस पत्थरबाजी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केंद्रीय मंत्री ने की धरना खत्म करने की अपील
सोमवार को ही CJP के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। इसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, जान गंवाने वाले नीट (NEET) अभ्यर्थियों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई की मांग शामिल है। CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने साफ किया कि जब तक शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं होता, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं, राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने बताया कि उन्हें प्रदर्शनकारियों से बातचीत का प्रस्ताव मिला है और उन्होंने आंदोलनकारियों से अपना धरना खत्म करने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें: बस स्टैंड से युवती को कार में उठा ले गए हैवान, लाज में ले जाकर की दरिंदगी, तीन गिरफ्तार
सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की हालत स्थिर
उधर, सफदरजंग अस्पताल में भर्ती जलवायु कार्यकर्ता (क्लाइमेट एक्टिविस्ट) सोनम वांगचुक का इलाज डॉक्टरों की एक मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम की निगरानी में चल रहा है। अस्पताल की ओर से जारी ताजा मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, उनके वाइटल पैरामीटर्स स्थिर हैं। हालांकि, उनका ब्लड शुगर लेवल कम है और सीरम पोटैशियम लेवल 3.2 mEq/L दर्ज किया गया है। डॉक्टरों की टीम उन्हें ओरल रिहाइड्रेशन थेरेपी और ओरल पोटैशियम सप्लीमेंट्स दे रही है। मेडिकल बुलेटिन में यह भी बताया गया कि डॉक्टरों की सलाह के बावजूद सोनम वांगचुक ने नस के जरिए दी जाने वाली इंट्रावेनस (IV) फ्लूइड और ग्लूकोज लेने से साफ इनकार कर दिया है।
इसे भी पढ़ें: Yogi Cabinet Decisions: छात्राओं को मिलेगी फ्री स्कूटी, 18 अहम प्रस्तावों पर लगी मुहर
