UP में 7 दिनों में 2 शूटर्स ढेर, पुलिसवालों का मर्डर कर सर्विस हथियार लूटने वाले गैंग का सफाया

Shooter Lalan Singh Killed

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने सूबे में अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए महज एक हफ्ते के भीतर दो बड़े और खूंखार शूटर्स को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। एसटीएफ इसे अपनी एक बहुत बड़ी कामयाबी मान रही है। मारे गए ये दोनों ही शूटर बेहद शातिर थे, जिनके आतंक से न सिर्फ आम जनता बल्कि पुलिस महकमा भी दहल उठा था।

खौफनाक था ललन गैंग का पैटर्न

मारा गया बिहार का कुख्यात शूटर ललन सिंह अपने भाइयों के साथ मिलकर एक बेहद खौफनाक और अनोखे पैटर्न पर वारदातों को अंजाम देता था। यह गैंग खास तौर पर उन पुलिस अधिकारियों (ASI और सब-इंस्पेक्टरों) को निशाना बनाता था, जो अकेले होते थे या जिनके बारे में इन्हें लगता था कि वे अचानक हुए हमले पर जवाबी कार्रवाई नहीं कर पाएंगे।

बदमाशों की खौफनाक रणनीति

ये लोग अचानक ऑन-ड्यूटी पुलिस अफसर पर हमला करते, उन्हें गोली मारते और उनकी सरकारी सर्विस रिवॉल्वर या पिस्तौल छीनकर फरार हो जाते थे। इसके पीछे इनकी बड़ी साजिश यह होती थी कि पुलिस से लूटे गए इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल वे आगे चलकर बड़ी बैंक डकैतियों और हत्याओं में करते थे, ताकि पुलिस की जांच हथियारों की बैलिस्टिक रिपोर्ट (Ballistic Report) के जाल में ही उलझी रहे।

ललन गैंग की खूनी वारदातों का काला चिट्ठा

ललन सिंह उर्फ लल्लन ने अपने भाइयों मनीष सिंह, रजनीश और गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर कई राज्यों में खून की नदियां बहाई थीं।

16 मार्च 2016 (नालंदा, बिहार): एएसआई भुवनेश्वर सिंह को गोली मारकर घायल किया और सरकारी रिवॉल्वर लूटी।

18 अप्रैल 2016 (पटना, बिहार): एएसआई सुरेश ठाकुर की दिनदहाड़े गोली मारकर बेरहमी से हत्या की और सरकारी पिस्टल लूटी।

24 सितंबर 2016 (पटना, बिहार): एएसआई आर के चौधरी की गोली मारकर हत्या की और उनकी भी सर्विस पिस्टल लूट ली।

27 फरवरी 2017 (नालंदा, बिहार): एक कैश वैन पर अंधाधुंध फायरिंग कर सुरक्षा गार्ड वर्जनन्दन प्रसाद सिंह और कैशियर रंजीत कुमार की हत्या की और 20 लाख रुपये लूटे।

6 मार्च 2017 (पटना, बिहार): पीएनबी (PNB) बैंक के सामने गार्ड और कैश वैन ड्राइवर की हत्या कर 60 लाख रुपये लेकर फरार हुए।

हवालात तोड़कर भागा, फिर यूपी पुलिस को बनाया निशाना

8 सितंबर, 2022 को ललन सिंह अपने भाइयों के साथ अदालत में पेशी के दौरान हवालात की दीवार तोड़कर फिल्मी अंदाज में फरार हो गया था। पटना से भागने के बाद उसने उत्तर प्रदेश को अपना ठिकाना बनाया और यहाँ भी वारदातों का सिलसिला जारी रखा।

1 नवंबर 2022 (चंदौली): एक व्यक्ति को गोली मारकर उसकी मोटरसाइकिल लूट ली।

8 नवंबर 2022 (वाराणसी): वाराणसी में तैनात 2015 बैच के जांबाज सब-इंस्पेक्टर (SI) अजय यादव के सीने में सीधे गोली मारी और उनकी सरकारी पिस्टल लूटकर फरार हो गया।

इसे भी पढ़ें: पूर्व ब्लॉक प्रमुख पूर्णांशु ओझा ने BJP के मुख्य प्रवक्ता और उपाध्यक्ष से की मुलाकात

कब और कैसे हुआ इन यमराजों का अंत

यूपी एसटीएफ ने इस गैंग के खात्मे के लिए जाल बिछाया और एक-एक कर इन्हें मिट्टी में मिला दिया।

21 नवंबर 2022: ललन सिंह के दोनों भाई (मनीष और रजनीश) पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे।

22 जून 2026 (सहारनपुर एनकाउंटर): गैंग का मुख्य सरगना ललन सिंह पश्चिमी यूपी के सहारनपुर में यूपी एसटीएफ के साथ हुई सीधी मुठभेड़ में ढेर हो गया।

27 जून 2026 (लखनऊ एनकाउंटर): ललन के ठीक बाद, शनिवार को एसटीएफ ने राजधानी लखनऊ में 1 लाख के इनामी शूटर संजय को भी मार गिराया। संजय ने बीते 27 मई को लखनऊ में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की हत्या की थी। वह अंडरवर्ल्ड डॉन खान मुबारक (अम्बेडकरनगर) गैंग का बेहद सक्रिय सदस्य था और उस पर 13 गंभीर मुकदमे दर्ज थे।

इसे भी पढ़ें: बंगाल विधानसभा में पास हुए दो नए संशोधन विधेयक, OBC आरक्षण 17 से घटकर 7% हुआ

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...