नागरी प्रचारिणी सभा में गूंजे काव्य स्वर, अंजनी द्विवेदी की कृति जाग रे पंछी का हुआ विमोचन

Deoria Kavi Sammelan

देवरिया: नागरी प्रचारिणी सभा, देवरिया के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय रविवारीय कवि गोष्ठी एवं भव्य पुस्तक विमोचन समारोह अत्यंत गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित ख्यातिलब्ध कवियों ने अपनी विधाओं के अनुरूप विविध भावों, सुंदर छंदों, रसों और अलंकारों से सराबोर उत्कृष्ट रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस गौरवमयी सारस्वत समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा मां वीणापाणि के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और विदुषी क्षमा श्रीवास्तव एवं प्रख्यात गीतकार रामेश्वर तिवारी ‘राजन’ द्वारा प्रस्तुत सुमधुर सरस्वती वंदना से हुई। तत्पश्चात, काव्य गोष्ठी का ओजस्वी संचालन करते हुए विदुषी कवयित्री प्रीति पाण्डेय ने मंच को गति प्रदान की।

कवियों ने पढ़ी मर्मस्पर्शी रचनाएं, विरह से लेकर व्यंग्य तक बिखेरा रंग

काव्य पाठ के दौरान सर्वप्रथम छेदी प्रसाद गुप्त ‘विवश’ ने सरहद पर तैनात एक वीर सैनिक की पत्नी के अंतर्मन के विरह और देशप्रेम के भावों को छूती हुई अत्यंत मार्मिक कविता पढ़कर पूरे पंडाल को करुणार्द्र कर दिया। इसके बाद बाबा गोरखनाथ की धरती गोरखपुर से पधारे वरिष्ठ साहित्यकार मुक्तिनाथ त्रिपाठी ने अपनी गंभीर रचना ‘जमींदोज वही, वट वृक्ष वही’ के माध्यम से जीवन के शाश्वत सत्यों को उजागर किया।

देश की सुप्रसिद्ध गजलकारा अंजलि अरोड़ा ‘खुशबू’ ने अपनी रूहानी गजल ‘पुकारूं तुमको, बिना पुकारे तेरे इशारे’ के जरिए श्रोताओं को अध्यात्म के मार्ग पर ले जाने का सफल प्रयास किया। पार्वती देवी ‘गौरा’ ने मधुर स्वर में अपना समसामयिक मौसमी गीत ‘जलती धरा गगन है’ सुनाकर खूब वाहवाही लूटी।

ताज मुहम्मद सिद्की ने अपनी मर्मस्पर्शी गजल ‘वक्त जो तुम्हारे पास है गनीमत समझो’ के माध्यम से मानव जीवन में समय की महत्ता को रेखांकित किया। वहीं, जाने-माने व्यंग्यकार योगेन्द्र तिवारी ‘योगी’ ने ‘लोग बेमौत मर रहे महंगाई में’ जैसी तीखी रचना से वर्तमान सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्था पर करारा प्रश्नचिह्न लगाया।

Deoria Kavi Sammelan

पुस्तकों से मिली राशि समाज कल्याण को समर्पित

इस भव्य समारोह का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध कवयित्री अंजनी द्विवेदी की नई काव्य कृति ‘जाग रे पंछी’ का लोकार्पण रहा। पुस्तक का विमोचन विशिष्ट अतिथि एवं खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल मिश्र, मुख्य अतिथि महेंद्र राय, कार्यक्रम अध्यक्ष इंद्र कुमार दीक्षित, संस्था के मंत्री डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी और वरिष्ठ साहित्यकार सरोज कुमार पाण्डेय ने सामूहिक रूप से किया।

अपनी इस नई कृति पर प्रकाश डालते हुए लेखिका अंजनी द्विवेदी ने कहा कि लिखना उनकी आत्मा की आवाज है और वह लेखनी के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक अपने विचार पहुंचाना चाहती हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अपनी पुस्तकों की बिक्री से प्राप्त संपूर्ण धन वह समाज कल्याण और पीड़ित मानवता की सेवा में समर्पित करेंगी।

साहित्यकार और समाजसेवी हुए सम्मानित

‘मानवदीप सेवा संस्थान’ की ओर से अंजनी द्विवेदी ने क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और समाजसेवियों को स्मृति चिह्न एवं उत्तरीय ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में डॉ. शकुंतला दीक्षित, रंजना श्रीवास्तव, प्रार्थना राय, प्रियंवदा पाण्डेय, डॉ. दिवाकर प्रसाद तिवारी, डॉ. अभय कुमार द्विवेदी, जगदीश उपाध्याय, रमिता जायसवाल, दयाशंकर कुशवाहा, फिगार देवरियावी, लालता प्रसाद चौधरी, रंजीता श्रीवास्तव, रमेश सिंह दीपक और सौदागर सिंह शामिल हैं। काव्यांगन संस्था की ओर से मुक्तिनाथ त्रिपाठी ने भी संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारियों को उत्तरीय प्रदान कर साहित्यिक कृतज्ञता व्यक्त की।

इसे भी पढ़ें: अभिजीत दीपके की जमकर पिटाई, थप्पड़ों का वीडियो वायरल

समारोह के मुख्य अतिथि महेंद्र राय ने नागरी प्रचारिणी सभा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था हिंदी भाषा और देवनागरी लिपि के उत्थान में ऐतिहासिक योगदान दे रही है। कार्यक्रम के अंतिम सत्र में प्रियंवदा पाण्डेय, नीरजा सिंह, कौशल किशोर मणि ने भी अपनी रचनाएं पढ़ीं।

इस अवसर पर डॉ. एसएन मणि, नीतू सिंह, रमी सिंह, रवीन्द्र नाथ तिवारी, ब्रजेश पाण्डेय, श्वेतांक मणि त्रिपाठी, रजनीश मोहन गोरे, रामनिवास पाण्डेय, राम पुकार चौधरी, पूर्व सभासद सुबास राय, राजेश कुमार मिश्र, विनोद कुमार अग्रवाल और ऋषिकेश मिश्र सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट- अरविंद शर्मा

इसे भी पढ़ें: सांप्रदायिकता का हवाला देकर हेड कॉन्स्टेबल जमशेद ने दिया इस्तीफा

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...