CDS की तैयारी कर रही छात्रा को कार में खींचकर पूर्व फौजी ने किया दुष्कर्म, गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ देश की सेवा (CDS) की तैयारी कर रही एक छात्रा को उसके ही रिश्ते के मामा ने डरा-धमकाकर अपनी हवस का शिकार बना डाला। आरोपी ने न सिर्फ रिवॉल्वर के बल पर कार में दो बार दुष्कर्म किया, बल्कि पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर उसे लगातार ब्लैकमेल भी करता रहा। शादीशुदा होने के बावजूद आरोपी छात्रा से निकाह करने की जिद पर अड़ा था। आखिरकार पीड़िता की हिम्मत और इज्जतनगर पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
पीड़ित छात्रा इज्जतनगर इलाके की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि फरीदपुर का रहने वाला उसका दूर का मामा राकेश बाबू एक रिटायर्ड फौजी है। सितंबर 2025 में वह एनसीसी (NCC) के संबंध में कुछ जरूरी जानकारी लेने के लिए राकेश के घर गई थी। वहीं पर आरोपी ने उसे डराया और छेड़छाड़ की। बदनामी और डर के मारे छात्रा ने यह बात अपने माता-पिता से छिपाई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी उसके परिजनों के फोन पर संपर्क बनाए रखने लगा।
कैंप के बाहर और बाईपास पर कार में की हैवानियत
छात्रा का आरोप है कि दिसंबर 2025 में जब वह एनसीसी कैंप से बाहर निकली, तो राकेश बाबू वहाँ गाड़ी लेकर पहुँच गया। उसने हथियार के दम पर छात्रा को गाड़ी के अंदर खींच लिया और दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने मोबाइल से कुछ अश्लील तस्वीरें भी रिकॉर्ड कर लीं। इसके बाद जनवरी 2026 में आरोपी ने दोबारा पीलीभीत बाईपास पर छात्रा का रास्ता रोका और रिवॉल्वर सटाकर कार में फिर से दरिंदगी की।
इसे भी पढ़ें: पाकिस्तान अब नहीं बचा पाएगा अपना कोई भी आतंकी
लाइसेंसी हथियार होंगे निरस्त
हवस की हदें पार करने के बाद शादीशुदा राकेश बाबू छात्रा के माता-पिता पर जबरन शादी करने का दबाव बनाने लगा। जब छात्रा ने इसका कड़ा विरोध किया, तो उसने पूरे परिवार को मौत के घाट उतारने की धमकी दे डाली। लगातार मिल रही धमकियों और यौन शोषण से तंग आकर छात्रा ने इज्जतनगर थाने में न्याय की गुहार लगाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम के मुताबिक, आरोपी के पास रिवॉल्वर और राइफल के सरकारी लाइसेंस हैं, जिन्हें निरस्त करने के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
इसे भी पढ़ें: छात्रा को लखनऊ में बंधक बनाकर दोस्तों ने 3 दिन तक किया गैंगरेप
