पद्म पुरस्कार 2027 की नामांकन प्रक्रिया शुरू, जानें कैसे और कौन लोग कर सकते आवेदन
Padma Awards 2027: केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर दिए जाने वाले देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री—के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 15 मार्च 2026 से शुरू हुई यह प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। सरकार इस बार भी ‘पीपल्स पद्म’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए आम नागरिकों से उन गुमनाम नायकों को नामांकित करने की अपील कर रही है, जिन्होंने समाज के लिए असाधारण कार्य किया है।
ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज होंगे नामांकन
पद्म पुरस्कारों के लिए सभी नामांकन और सिफारिशें केवल ‘राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल’ (awards.gov.in) पर ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी। गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा (31 जुलाई) के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। 1954 में स्थापित इन पुरस्कारों की घोषणा प्रतिवर्ष 26 जनवरी को की जाती है।
कौन हो सकता है पात्र
पद्म पुरस्कारों के लिए जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना सभी व्यक्ति पात्र हैं। इनमें कला, साहित्य, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान, इंजीनियरिंग और व्यापार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वालों को सम्मानित किया जाता है। हालाँकि, डॉक्टरों और वैज्ञानिकों को छोड़कर, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) सहित अन्य सरकारी सेवक इन पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं हैं।
इसे भी पढ़ें: पाश्चात्य संस्कृति नहीं, वैदिक विधान से मनाएं जन्मोत्सव
‘गुमनाम नायकों’ की पहचान पर जोर
सरकार की प्रतिबद्धता इन पुरस्कारों को अधिक समावेशी बनाने की है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे महिलाओं, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांगों और समाज के कमजोर वर्गों के उन प्रतिभाशाली व्यक्तियों की पहचान करें, जिनकी उत्कृष्टता अब तक दुनिया के सामने नहीं आ पाई है। नागरिक इन पुरस्कारों के लिए स्वयं का नामांकन (Self-nomination) भी कर सकते हैं।
नामांकन के लिए जरूरी विवरण
नामांकन करते समय पोर्टल पर उपलब्ध प्रारूप में व्यक्ति की विशिष्ट उपलब्धियों का विस्तृत विवरण देना होगा। इसमें अधिकतम 800 शब्दों का एक ‘प्रशस्ति पत्र’ (Citation) शामिल होना चाहिए, जिसमें यह स्पष्ट हो कि संबंधित व्यक्ति ने अपने क्षेत्र में क्या असाधारण सेवा की है। अधिक जानकारी के लिए गृह मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट और पद्म पोर्टल पर नियम देखे जा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: हुगली में गरजे योगी, 15 साल की TMC ने बंगाल को किया कंगाल
