हुगली में गरजे योगी, 15 साल की TMC ने बंगाल को किया कंगाल, अब चलेगा न्याय का बुलडोजर
Yogi Adityanath Hooghly Rally: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के धानेखाली में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस बंगाल की पहचान कभी कला, साहित्य और औद्योगिक समृद्धि से थी, उसे पिछले 15 वर्षों में टीएमसी के कुशासन ने बदहाली की कगार पर खड़ा कर दिया है। योगी ने दावा किया कि 4 मई के चुनावी नतीजों के बाद टीएमसी के गुंडे सड़कों पर छिपते नजर आएंगे।
सांस्कृतिक विरासत और डेमोग्राफी पर प्रहार
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह चैतन्य महाप्रभु और स्वामी विवेकानंद की पावन धरा है, जिन्होंने दुनिया को हिंदू होने पर गर्व करना सिखाया। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार एक सोची-समझी साजिश के तहत बंगाल की डेमोग्राफी बदलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “जब हम ‘जय श्रीराम’ या ‘हर-हर महादेव’ का नारा लगाते हैं, तो ममता दीदी की सत्ता हिलने लगती है और वे नाराज हो जाती हैं।”
यूपी की तर्ज पर बंगाल में भी चाहिए डबल इंजन सरकार
योगी आदित्यनाथ ने हुगली के प्रसिद्ध तारकेश्वर मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि अगर यहाँ भाजपा की डबल इंजन सरकार होती, तो काशी विश्वनाथ की तर्ज पर ‘तारकनाथ कॉरिडोर’ का निर्माण होता। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में सनातन परंपराओं पर प्रतिबंध लगाया जाता है, जबकि तुष्टिकरण की राजनीति के तहत सड़कों पर नमाज और इफ्तार को बढ़ावा दिया जाता है।
इसे भी पढ़ें: बैरकपुर में बोले पीएम मोदी: 4 मई के बाद शपथ ग्रहण के लिए फिर आऊंगा बंगाल
अपराध और माफियाराज पर कड़ा संदेश
उत्तर प्रदेश के कानून-व्यवस्था मॉडल का उदाहरण देते हुए योगी ने कहा, 2017 से पहले यूपी की स्थिति भी बंगाल जैसी ही थी। आज वहाँ दंगे और गुंडागर्दी खत्म हो चुकी है। अगर कोई माफिया किसी गरीब या व्यापारी की संपत्ति पर कब्जा करता है, तो यूपी का बुलडोजर उसकी हड्डी-पसली एक कर देता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही यहाँ भी बेटियां और व्यापारी सुरक्षित होंगे।
4 मई को पंक्चर बनाते दिखेंगे टीएमसी के गुंडे
जनसभा में उत्साह भरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 23 अप्रैल के पहले चरण के रुझानों ने टीएमसी की नींद उड़ा दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “4 मई को जब परिणाम आएंगे, तो टीएमसी के ये गुंडे सड़कों पर पंक्चर बनाते हुए दिखाई देंगे।” उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे भयमुक्त होकर मतदान करें और ‘सोनार बांग्ला’ के निर्माण के लिए गुंडागर्दी और घूसखोरी का अंत करें।
इसे भी पढ़ें: Basti News: आयुष विभाग में IGRS खेल का खुलासा, अपनी ही रिपोर्ट से पलटे अधिकारी
