कारोबारी पर 100 से अधिक महिलाओं से यौन शोषण का आरोप, 87 वीडियो बरामद
नाशिक: महाराष्ट्र के नाशिक में भोंदू बाबा का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि शहर एक और बड़े स्कैंडल से हिल गया है। इस बार एक कारोबारी पर 100 से अधिक महिलाओं के कथित यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने आरोपी रविंद्र एरंडे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
चोरी की शिकायत ने खोल दी पोल
यह पूरा मामला नाशिक के सातपुर इलाके का है। आरोपी कारोबारी रविंद्र ने अपने ऑफिस से एक टैब चोरी होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि चार लोगों ने टैब चोरी कर उसमें मौजूद वीडियो वायरल करने की धमकी दी और बदले में 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को 10 हजार रुपये लेते समय गिरफ्तार कर लिया। लेकिन पूछताछ के दौरान इस पूरे मामले में बड़ा मोड़ आ गया। पुलिस को शुरू से ही शिकायतकर्ता कारोबारी पर शक था, जो जांच के दौरान सही साबित हुआ।
87 आपत्तिजनक वीडियो बरामद
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जिस व्यक्ति ने चोरी और रंगदारी की शिकायत दर्ज कराई थी, वह खुद महिलाओं से यौन शोषण का आरोपी है। पुलिस को जब्त किए गए टैब से 87 आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, जिनमें कई महिलाओं के साथ कथित तौर पर दरिंदगी की गई।
इसके अलावा पुलिस ने चार मोबाइल, दो पेनड्राइव और एक मेमोरी कार्ड भी जब्त किए हैं। इन सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, जिससे और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
नौकरी का झांसा देकर महिलाओं को फंसाता था
आरोप है कि रविंद्र एरंडे जरूरतमंद महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद वह नाशिक और इगतपुरी के अलग-अलग होटलों में उनके साथ दरिंदगी करता था और चुपके से वीडियो भी बनाता था।
शुरुआती जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि इन आपत्तिजनक वीडियो को ब्लू फिल्म के रूप में बेचा जाता था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इन वीडियो के जरिए महिलाओं को ब्लैकमेल कर उनसे पैसे वसूले गए।
इसे भी पढ़ें: अतीक अहमद का दफ्तर जहां कदम रखने से लोग खाते थे खौफ
पीड़ितों में आंगनवाड़ी सेविकाएं और आशा वर्कर भी
इस मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई है, क्योंकि पीड़ित महिलाओं में आंगनवाड़ी सेविकाएं, आशा वर्कर, निजी कंपनियों में काम करने वाली महिलाएं और घरेलू कामगार शामिल बताई जा रही हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और ठिकानों की भी जांच तेज कर दी गई है।
यह मामला अब भोंदू बाबा केस की तरह ही बड़ा होता दिख रहा है। पुलिस की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी कई पीड़िताएं सामने आ सकती हैं। फिलहाल, आरोपी रविंद्र एरंडे पुलिस हिरासत में है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
इसे भी पढ़ें: युजवेंद्र चहल को बदनाम करने की साजिश
