जदयू छोड़ आरएलडी में शामिल हुए केसी त्यागी, जयंत चौधरी ने पटका पहनाकर किया स्वागत

kc tyagi joins rld

नई दिल्ली: बिहार की सियासत में एक और उथल-पुथल मच गई है। जदयू छोड़ने के बाद वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने अपनी अगली राजनीतिक पारी का ऐलान कर दिया है। उन्होंने राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) का दामन थाम लिया है। केसी त्यागी ने रालोद प्रमुख एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जयंत चौधरी ने उन्हें पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया।

नीतीश से व्यक्तिगत सम्मान बरकरार

केसी त्यागी ने हाल ही में नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच जदयू से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी छोड़ते समय उन्होंने साफ कहा था कि “लगभग आधी सदी तक मेरे साथी रहे नीतीश कुमार के प्रति मेरा व्यक्तिगत सम्मान आज भी अपरिवर्तित है।” हालांकि, उन्होंने संकेत दिए थे कि वह भविष्य में कोई नया राजनीतिक रास्ता चुनेंगे और अब उन्होंने वह फैसला भी ले लिया है।

कौन हैं केसी त्यागी

केसी त्यागी यानी किशन चंद त्यागी का राजनीतिक सफर काफी लंबा और दिलचस्प रहा है। यूपी के गाजियाबाद में जन्मे त्यागी 1970 के दशक से सक्रिय राजनीति में हैं। उन्होंने साल 1989 में हापुड़ (उत्तर प्रदेश) लोकसभा सीट से सांसद चुने जाने का गौरव हासिल किया था।

इसे भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश के नव निर्माण के नौ वर्ष

इतना ही नहीं, वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भी रहे और जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर भी पार्टी की नीतियों को मजबूती से रखा। 2013 में वह राज्यसभा सांसद भी निर्वाचित हुए। जदयू में उन्हें तीन बार राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया। साल 2024 में उन्होंने निजी कारणों से जदयू के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता पद से इस्तीफा दिया था।

अब केसी त्यागी ने अपने राजनीतिक सफर में एक नया अध्याय जोड़ा है। रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाते हुए कहा कि त्यागी जैसे अनुभवी नेता का आना पार्टी के लिए मजबूती भरा कदम है। केसी त्यागी के जदयू छोड़ने से बिहार की सियासत में हलचल है, वहीं अब उनका आरएलडी में जाना यूपी और बिहार दोनों राज्यों की राजनीति को प्रभावित कर सकता है।

इसे भी पढ़ें: कतर का मिलिट्री हेलीकॉप्टर क्रैश, 6 की मौत

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...