लखनऊ: अपराधियों पर चाहे जितना भी लगाम लगाने की कोशिश कर ली जाए वह अपने हरकतों से बाज आते नजर नहीं आ रहे हैं। आलम यह है कि ट्रेन की बोगियों में भी यात्री सुरक्षित नहीं है, जबकि लगभग हर डिब्बे में जीआरपी की गश्त रहती है। लखनऊ-पुष्पक एक्सप्रेस में अपराधियों ने न सिर्फ यात्रियों के साथ लूटपाट की बल्कि पति के साथ सफर कर रही 20 वर्षीय महिला से गैंगरेप भी किया। इस मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है, जबकि चार अन्य फरार बताए जा रहे हैं।

जीआरपी कमिश्नर कैसर खालिद के मुताबिक ट्रेन में 8 लोग चढ़े थे। इन लोगों ने पहले यात्रियों से लूटपाट की फिर पति के साथ यात्रा कर रही महिला से गैंगरेप किया। इनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और चार अन्य की तलाश जारी है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को हथियार बंद कुछ लोग ट्रेन में चढ़ गए थे। इस दौरान यात्रियों में दहशत पैदा कर इन लोगों ने उनके कीमती सामान का छीन लिया। इस दौरान अपराधियों ने दुस्साहस का घिनौना प्रदर्शन करते हुए पति के साथ सफर कर रही महिला 20 वर्षीय से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए।

सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी की तलाश जारी है। इस मामले में जीआरपी कल्याणपुर ने आरोपियों के खिलाफ लूट और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। जीआरपी के मुताबिक यह घटना लखनऊ-मुंबई पुष्पक एक्सप्रेस के स्लीपर बोगी डी-2 में हुई है। ट्रेन के कसारा पहुंचने पर यात्रियों ने मदद के लिए चिल्लाना शुरू किया। इसके बाद अधिकारी और स्टॉफ ग्रुप तुरंत हरकत में आ गए और चार आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया। डीसीपी और क्राइम ब्रांच की टीम मामले की जांच कर रही है।

Spread the news