होटल में अधिशासी अभियंता के साथ पकड़ी गई महिला ने फौजी पति समेत 5 के खिलाफ किया केस
Banda News: बांदा जिले की एक विवाहित महिला ने देहरादून स्थित एक होटल में बिजली विभाग के अधिकारी के साथ पकड़े जाने के वायरल वीडियो को लेकर बड़ा दावा किया है। महिला का आरोप है कि यह पूरा प्रकरण उसके देवर और उसके साथियों द्वारा रची गई एक साजिश है, जिसके तहत उसे बदनाम करने के लिए होटल में जबरन घुसा, छेड़खानी और मारपीट की गई और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने देवर, पति, सास, ननद सहित पांच ससुरालीजनों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस को सौंपी अपनी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 4 फरवरी, 2026 को हमीरपुर जिले के सिसोलर गांव निवासी बलदाऊ यादव के साथ हुई थी। उसने आरोप लगाया कि शादी के कुछ ही दिनों बाद पति और अन्य ससुरालीजनों ने दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। 22 फरवरी को जब वह अपने ससुराल पहुंची तो उससे 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई और मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से तंग किया गया।
मेरे चरित्र पर लगाए लांछन, बिना ब्लर किए वायरल किया वीडियो
महिला के मुताबिक, वह देहरादून गई हुई थी और वहां एक होटल में ठहरी हुई थी। 10 अगस्त को उसका देवर कृष्ण कुमार यादव अपने साथियों के साथ होटल पहुंचा और उसके कमरे का दरवाजा जबरन खुलवा लिया। आरोप है कि कमरे से बाहर निकलने पर उसके साथ छेड़खानी की गई, मारपीट की गई और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और पूरी घटना का वीडियो बना लिया गया। बाद में इसी वीडियो को काट-छांटकर भ्रामक तरीके से सोशल मीडिया और मीडिया संस्थानों को भेज दिया गया। महिला का कहना है कि उसके चेहरे को बिना ब्लर किए वीडियो प्रसारित कर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई गई है।
घर के बाहर हो रही अभद्र टिप्पणी
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी सास ने उसके गहने और स्त्रीधन अपने कब्जे में ले लिए हैं, जिसे वापस मांगने पर भी नहीं दिया गया। इस मामले में 12 मई को थाना सिसोलर, हमीरपुर में सुपुर्दगीनामा भी लिखा गया था। वीडियो वायरल होने के बाद अब उसके घर के बाहर अज्ञात लोग पहुंचकर अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं, जिससे वह डर और असुरक्षा महसूस कर रही है। उसने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है और फर्जी वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें: भारत का पहला गांव माणा की पौराणिक कथाए
SP ने मामले की जांच के दिए निर्देश
शहर कोतवाली पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति, सास, ननद, देवर कृष्ण कुमार यादव और अज्ञात साथियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, छेड़खानी, स्त्रीधन गबन, आपराधिक साजिश और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि महिला के शिकायती पत्र के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही इस संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें: सीएम योगी से मिलने जा रहे पीड़ित परिवार से पुलिस ने की मारपीट
