नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ विद्यार्थियों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ
छतरपुर: ब्रह्माकुमारीज की ओर से भारत सरकार के सहयोग से चलाए जा रहे 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत सोमवार को छतरपुर स्थित क्रिश्चियन इंग्लिश स्कूल में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज की बहनों ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, संस्कारवान एवं नशामुक्त जीवन जीने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी कमला बहन ने कहा कि नशामुक्ति केवल किसी एक व्यक्ति या परिवार का विषय नहीं है, बल्कि यह समाज और राष्ट्र के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि आज हम किसी धर्म, राजनीति या संगठन की चर्चा करने नहीं, बल्कि ऐसे विषय पर विचार करने के लिए एकत्र हुए हैं, जिसका सीधा संबंध विद्यार्थियों के जीवन, उनके परिवार और राष्ट्र के भविष्य से है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि भारत को स्वस्थ, जागरूक और चरित्रवान युवाओं की आवश्यकता है। नशे से दूर रहकर युवा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल शराब, तंबाकू और मादक पदार्थ ही नशे का कारण नहीं हैं, बल्कि मोबाइल, सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग जैसी आदतें भी युवाओं के समय, मानसिक एकाग्रता और भविष्य को प्रभावित कर रही हैं। विद्यार्थियों को इन आदतों के प्रति सजग रहते हुए संतुलित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी कमला बहन ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशामुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा दिलाई। विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय किटचनर ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशामुक्त जीवन का संकल्प व्यक्ति को श्रेष्ठ जीवन जीने की कला सिखाता है और उसके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करता है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति को अंदर से कमजोर करता है तथा उसकी निर्णय लेने की क्षमता को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को नशे से सदैव दूर रहना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त एवं श्रेष्ठ जीवन जीने का संकल्प लिया। ब्रह्माकुमारीज की टीम द्वारा विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां भी कराई गईं। साथ ही राजयोग एवं ध्यान के माध्यम से मन को शांत, एकाग्र एवं तनावमुक्त रखने की विधियां बताई गईं। विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, आत्मअनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से भी अवगत कराया गया।
इसे भी पढ़ें: UP ATS के हत्थे चढ़ा जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध आतंकी
कार्यक्रम में बीके रीमा बहन, बीके लक्ष्मण मोदी एवं बीके प्रताप भाई सहित ब्रह्माकुमारीज के अन्य सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज और स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
इसे भी पढ़ें: भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में हरीश द्विवेदी बने राष्ट्रीय महासचिव
