प्रकाश सिंह

UP elections 2022: यूपी विधानसभा चुनाव 2022 UP elections 2022 का बिगुल बजने के साथ ही पहले चुरण के मतदान की तिथि अब काफी करीब आ चुकी है। जिन सीटों पर पहले चरण के मतदान होने हैं, वो सीटें जहां भाजपा के चुनौतीपूर्ण हैं वहीं इन्हीं सीटों से कई मंत्री भी रह चुके हैं। ऐसे में पहले चरण के मतदान में ही भाजपा को अग्निपरीक्षा से गुजरनी होगी। पहले चरण के चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 11 जिलों की 58 सीटों पर वोटिंग होनी है। कृषि कानूनों को लेकर उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा नाराजगी पश्चिमी यूपी के किसानों में देखी गई थी। कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन में पश्चिमी यूपी के किसानों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा भी लिया था। मुजफ्फरनगर में किसानों ने महापंचायत भी की थी।

विपक्ष भी किसानों की नाराजगी को भूनाने की पूरी कोशिश में जुटा हुआ है। समाजवादी पार्टी रालोद से हाथ मिलाकर चुनाव लड़ रही है। पश्चिमी यूपी में रालोद का अच्छा वर्चस्व रहा है। ऐसे में खास तौर पर भाजपा के लिए ये सीटें चुनौतीपूर्ण मानी जा रही हैं।

इन मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर

श्रीकांत शर्मा- ऊर्जा मंत्री, सुरेश राणा- गन्ना मंत्री, लक्ष्मीनारायण चौधरी- पशुधन मंत्री, अतुल गर्ग- चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री, कपिल अग्रवाल- व्यावसायिक शिक्षा मंत्री,

श्रीकांत शर्मा को फिर बनाया प्रत्याशी

बीजेपी ने योगी सरकार में ऊर्जा मंत्री रहे श्रीकांत शर्मा को एकबार फिर मथुरा से प्रत्याशी बनाया है। श्रीकांत शर्मा क्षेत्र में घूम घूम कर जनता को भाजपा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। योगी सरकार में श्रीकांत शर्मा सबसे तेज मंत्री रहे हैं। श्रीकांत शर्मा के खिलाफ सपा-रालोद गठबंधन से देवंद्र अग्रवाल, कांग्रेस से प्रदीप माथुर और बसपा से एसके शर्मा चुनावी मैदान में हैं।

इसे भी पढ़ें: ‘लल्ला’ का हल्ला बिगाड़ सकता है अजय सिंह का खेल

सुरेश राणा की होगी अग्नि परीक्षा

गन्ना किसानों की समस्याओं को हल करने में निरंतर प्रयासरत रहने वाले गन्ना मंत्री सुरेश राणा की भी इस बार अग्नि परीक्षा है। क्योंकि बीजेपी से खफा किसानों की नाराजगी का सामना सुरेश राणा को भी करना पड़ सकता है। फिलहाल लगातार अपने क्षेत्र की जनता से मिलकर उनकी नाराजगी को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं। यहां भी सपा-रालोद गठबंधन ने अशरफ अली, बसपा से जहीर मलिक और कांग्रेस से सत्यम सैनी चुनावी मैदान में हैं।

अतुल गर्ग को मिल रही कड़ी टक्कर

योगी सरकार में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग को गाजियाबाद से प्रत्याशी बनाया गया है। यहां उन्हें सपा-रालोद से गठबंधन प्रत्याशी विशाल वर्मा, कांग्रेस से सुशांत गोयल और बसपा से कृष्ण कुमार से कड़ी टक्कर मिल रही है। हालांकि वह विकास कार्यों के बल पर चुनाव जीतने का दावा कर रहे हैं।

इन 11 जिलों में 10 फरवरी को होगा मतदान

मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़, आगरा, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में 10 फरवरी को पहले चरण का मतदान होगा।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए 7 चरणों में चुनाव होने हैं। इसमें पहले चरण का चुनाव 10 फरवरी, दूसरा 14 फरवरी, तीसरा 20 फरवरी, चौथा 23 फरवरी, पांचवां 27 फरवरी, छठां 3 मार्च और 7 मार्च को सातवें चरण का मतदान होना है। मतों की गणना 10 मार्च को की जाएगी।

इसे भी पढ़ें: मयंक थाम सकते हैं सपा का दामन, तेज हुई चर्चा

Spread the news