UP Assembly Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (UP Assembly Election 2022) की तिथियां जैसे-जैसे नजदिक आ रही हैं, मुकाबला रोमांचक होता जा रहा है। दल-बदल का दौर काफी तेज हो गया है। भाजपा से सपा में और सपा से भाजपा में नेताओं के आने का दौर शुरू हो गया है। भाजपा के कई दिग्गज नेताओं को सपा में शामिल कराकर अखिलेश यादव जहां काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं, वहीं भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने तगड़ा झटका देते हुए गंभीर आरोप भी लगाए हैं। इससे पहले शुक्रवार को चंद्रशेखर ने अखिलेश यादव से मुलाकात की थी, जिसके बाद से यह कयासबाजी शुरू हो गई थी, वह जल्द ही सपा गठबंधन में शामिल हो जाएंगे। लेकिन चंद्रशेखर ने आज प्रेस कांफ्रेंस करके सपा में जाने की सारी अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ कर दिया कि वह समाजवादी पार्टी से गठबंधन नहीं करेंगे।

अखिलेश पर लगाए गंभीर आरोप

पत्रकारों से वार्ता करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अब अखिलेश यादव को दलितों की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि महीने भर से उनकी समाजवादी पार्टी के साथ चर्चा चल रही थी। कल मैंने अखिलेश यादव से मुलाकात की, लेकिन दो महीने बाद उन्होंने जिस तरह अपमानित किया वह दुखद है। गठबंधन पर उन्होंने कल शाम तक बताने की बात कही थी, लेकिन अभी तक उनका कोई जवाब नहीं आया है। चंद्रशेखर ने कहा कि अखिलेश यादव को सामाजिक न्याय का मतलब नहीं पता है।

इसे भी पढ़ें: लोकहित के नाम पर राजनीति

उन्होंने कहा कि उनकी दस दिनों से अखिलेश से बात हो रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आप परेशान न हों। इसके बाद मैंने सबकुछ दरकिनार कर उनके घर गया और उनसे अपील भी की, लेकिन उन्होंने तय कर रखा है कि उन्हें दलितों की लीडरशिप नहीं चाहिए। प्रमोशन-रिजर्वेशन पर भी उन्होंने साफ मना कर दिया है। इसलिए अब हमने भी तय कर लिया है कि सपा के साथ गठबंधन नहीं करेंगे।

पुलिस ने किया हंगामा

गौरतलब है कि चंद्रशेखर आजाद की प्रेस कांफ्रेंस से पहले मामला काफी गरम हो गया। प्रेस कांफ्रेंस से पहले पुलिस पहुंच गई और पत्रकारों को वहां से हटाने लगी। पुलिस का कहना था कि इसके लिए परमिशन नहीं लिया गया है, इसलिए प्रेस कांफ्रेंस नहीं हो सकती। पत्रकारों के बाहर निकलते ही पुलिस ने कोरोना प्रोटोकाल के तहत प्रेस कांफ्रेंस करने की इजाजत दी।

इसे भी पढ़ें: स्वामी के सुर, आखिलेश यादव को लेकर कही यह बात

Spread the news