बंगाल में रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर होगा शपथ ग्रहण, सीएम पद की रेस में शुभेंदु अधिकारी सबसे आगे
कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली शानदार जीत के बाद अब सत्ता हस्तांतरण की तैयारियां जोरों पर हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने पुष्टि की है कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई, शनिवार को आयोजित किया जाएगा। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भाजपा मुख्यमंत्री पद के लिए किस चेहरे पर दांव लगाएगी।
शुभेंदु अधिकारी की कुर्सी लगभग तय, फिर भी बरकरार है सस्पेंस
फिलहाल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर हराने वाले वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी का नाम इस दौड़ में सबसे आगे चल रहा है। अधिकारी इस समय विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और 2021 के बाद दूसरी बार ममता बनर्जी को चुनाव में मात दे चुके हैं। लेकिन पार्टी की ओर से अब तक किसी भी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रवींद्र जयंती पर होगा ऐतिहासिक समारोह
एक समाचार एजेंसी से बातचीत में शमिक भट्टाचार्य ने साफ किया कि नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण 9 मई को होगा। खास बात यह है कि इस दिन रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी मनाई जाती है। माना जा रहा है कि इसी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व के चलते भाजपा ने 9 मई की तारीख चुनी है, हालांकि इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अब तक यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि शनिवार को कितने मंत्री शपथ लेंगे।
दिल्ली में बैठकों का दौर, मोदी-शाह-नवीन करेंगे नाम तय
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार और बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ अहम बैठक कर सकते हैं। खबर है कि मंगलवार या बुधवार को ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी कोलकाता पहुंच सकते हैं, जहां वे भाजपा के विधायकों के साथ बैठक करेंगे। पार्टी की राष्ट्रीय संसदीय समिति ही मुख्यमंत्री और मंत्री पदों के लिए नामों पर अंतिम मुहर लगाएगी।
इसे भी पढ़ें: अपने ही गढ़ में हारीं ममता बनर्जी
शमिक भट्टाचार्य और शुभेंदु अधिकारी हो सकते हैं दिल्ली तलब
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा सूत्रों ने बताया है कि मुख्यमंत्री पद का नाम पीएम मोदी, अमित शाह और नितिन नवीन की बैठक में ही तय होगा। इस दौरान राज्य के नेताओं और केंद्रीय पर्यवेक्षकों के इनपुट पर भी चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि शमिक भट्टाचार्य और शुभेंदु अधिकारी को अगले कुछ दिनों में दिल्ली तलब किया जा सकता है, हालांकि अब यह साफ नहीं है कि उनकी बैठक कब और किसके साथ होगी।
CM रेस में ये नाम भी शामिल
हालांकि भाजपा ने अब तक आधिकारिक तौर पर किसी भी नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन चर्चा है कि मुख्यमंत्री पद की रेस में शुभेंदु अधिकारी के अलावा शमिक भट्टाचार्य, दिलीप घोष और उत्पल महाराज के नाम भी शामिल हो सकते हैं। देखना यह होगा कि भाजपा बंगाल की राजनीति में बड़ा चेहरा देती है या संतुलन के लिए किसी और नाम पर मुहर लगाती है।
इसे भी पढ़ें: 2027 के महासंग्राम में क्या अखिलेश का PDA रोक पाएगा योगी का विजय रथ
