बंगाल फतह से यूपी बीजेपी में जोश: 2027 के महासंग्राम में क्या अखिलेश का PDA रोक पाएगा योगी का विजय रथ
Bengal Election Results 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के ऐतिहासिक नतीजों ने उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। करीब एक हजार किलोमीटर दूर कोलकाता में खिली कमल की पंखुड़ियों की धमक लखनऊ तक सुनाई दे रही है। बीजेपी को भरोसा है कि बंगाल की यह जीत 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव के लिए संजीवनी का काम करेगी। पहली बार बंगाल में अपनी सरकार बनाने जा रही बीजेपी अब उत्तर प्रदेश में ‘हैट्रिक’ लगाने के इरादे से दोगुनी ऊर्जा के साथ मैदान में उतरने को तैयार है।
2024 की टीस कम करने की कोशिश
बीजेपी के रणनीतिकारों का मानना है कि बंगाल के नतीजे यूपी बीजेपी के कार्यकर्ताओं के लिए किसी बूस्टर से कम नहीं हैं। गौरतलब है कि यूपी में लगातार 9 साल की सत्ता के बाद कार्यकर्ताओं में उपजा असंतोष अब बंगाल की जीत के उत्साह में दब सकता है। 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को यूपी में भारी नुकसान झेलना पड़ा था, जहाँ एनडीए महज 36 सीटों (बीजेपी 33) पर सिमट गया था। बंगाल की जीत ने उस मनोबल को फिर से ऊंचा कर दिया है। पार्टी को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता, प्रखर हिंदुत्व और बेहतर कानून-व्यवस्था का मुद्दा 2027 में फिर से कमाल करेगा।
30 फीसदी मुस्लिम वोट का मिथक टूटा, विपक्ष के लिए खतरे की घंटी
बीजेपी की इस जीत ने एक बड़े राजनीतिक मिथक को ध्वस्त कर दिया है। बंगाल में करीब 25 से 30 फीसदी मुस्लिम मतदाता हैं, इसके बावजूद वहां बीजेपी की जीत ने यह साबित कर दिया है कि ध्रुवीकरण और ठोस रणनीति के आगे जातीय समीकरण फेल हो सकते हैं। यूपी बीजेपी के नेताओं का मानना है कि जब बंगाल जीता जा सकता है, तो 19 फीसदी मुस्लिम आबादी वाले उत्तर प्रदेश में जीतना नामुमकिन नहीं है, खासकर तब जब योगी आदित्यनाथ जैसा बड़ा हिंदुत्व चेहरा उनके पास है।
इसे भी पढ़ें: बंगाल में कमल की सुनामी के साथ 21 राज्यों में पहुंचा एनडीए का कुनबा
क्या अखिलेश का PDA फॉर्मूला दे पाएगा जवाब
ममता बनर्जी की हार समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका मानी जा रही है, जो लगातार टीएमसी की जीत का दावा कर रहे थे। हालांकि, सपा इसे अलग नजरिए से देख रही है।
मुद्दों का अंतर: सपा नेताओं का तर्क है कि बंगाल में ममता 15 साल से सत्ता में थीं और वहां सत्ता विरोधी लहर (Anti-incumbency) थी, जबकि यूपी में बीजेपी 10 साल से सत्ता में है और जनता में उनके प्रति नाराजगी है।
दोगुनी ताकत से घेराबंदी: सपा का मानना है कि इस हार के बाद इंडिया गठबंधन और अधिक आक्रामक होकर बीजेपी के खिलाफ लड़ेगा।
PDA पर भरोसा: अखिलेश यादव को अभी भी अपने ‘पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक’ (PDA) फॉर्मूले पर अटूट भरोसा है, जिसने 2024 में इंडिया गठबंधन को 43 सीटें (सपा 37, कांग्रेस 6) दिलाई थीं।
2027 की राह हुई दिलचस्प
बंगाल की जीत ने बीजेपी को मनोवैज्ञानिक बढ़त जरूर दी है, लेकिन यूपी की सियासी बिसात पर असली मुकाबला स्थानीय मुद्दों और जातीय गोलबंदी पर टिका होगा। जहां बीजेपी इस जीत को विजय मंत्र मान रही है, वहीं सपा इसे महज एक राज्य का चुनाव बताकर अपनी तैयारी तेज कर रही है।
इसे भी पढ़ें: बंगाल-असम में ऐतिहासिक जीत पर बोले पीएम मोदी
