नौकरी और शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण, आरोपी सब-इंस्पेक्टर सस्पेंड
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से खाकी को दागदार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ सिरौली थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर नरेश बाबू पर एक महिला ने शादी और नौकरी का झांसा देकर यौन शोषण करने का संगीन आरोप लगाया है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। महिला ने 7 जुलाई को सीनियर अफसरों से मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी और सबूत के तौर पर सब-इंस्पेक्टर के साथ अपनी कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सौंपे हैं।
बारादरी थाने में मदद के बहाने बढ़ी थीं नजदीकियां
पीड़ित महिला के अनुसार, साल 2022 से उसका अपने पति के साथ विवाद चल रहा था और वह अलग रह रही थी। साल 2025 में वह पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने बारादरी थाने गई थी, जहाँ उसकी मुलाकात तत्कालीन सब-इंस्पेक्टर नरेश बाबू से हुई। आरोप है कि नरेश बाबू ने मदद का भरोसा देते हुए कहा कि विभाग में उसका अच्छा रसूख है और वह उसे नौकरी भी दिलवा सकता है। इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने का वादा किया और महिला के घर आने-जाने लगा, जहाँ उसने कई बार उसका शारीरिक शोषण किया।
इसे भी पढ़ें: करोड़पति निकला रिटायर्ड ARTO
करवा चौथ के बाद साथ रहने लगा
महिला ने अपनी शिकायत में यह भी दावा किया है कि वह खुद को नरेश बाबू की दूसरी पत्नी मानती है, क्योंकि पिछले साल करवा चौथ के बाद से वह उसके घर पर ही रहने लगा था। फरवरी 2026 में आरोपी सब-इंस्पेक्टर ने अपने बेटे की शादी का हवाला देकर महिला से करीब 8 लाख रुपये के सोने के जेवर ले लिए। बाद में जब महिला ने अपने गहने वापस मांगे, तो वह आनाकानी करने लगा और विरोध करने पर उसे डराने-धमकाने लगा। थक-हारकर पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय जाकर न्याय की गुहार लगाई।
एसएसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश
इस पूरे मामले पर बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि महिला की शिकायत और प्राथमिक जांच के आधार पर आरोपी सब-इंस्पेक्टर नरेश बाबू को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की निष्पक्ष और विस्तृत विभागीय जांच पुलिस अधीक्षक (SP) साउथ अंशिका वर्मा को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें: मोदी कैबिनेट में स्मृति ईरानी की वापसी तय, फिर सुर्खियों में फायरब्रांड नेता
