करोड़पति निकला रिटायर्ड ARTO, विजिलेंस के छापे में घर से 35 करोड़ की अकूत संपत्ति बरामद
Lucknow Vigilance Raid: उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रिटायर्ड सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के घर से करीब 35 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है। यह विजिलेंस विभाग की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। छापेमारी के बाद विजिलेंस महानिदेशक ने जांच टीम को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पैकेटों में छिपाकर रखा था 1.62 करोड़ नकद
विजिलेंस टीम ने 7 और 8 जुलाई 2026 को आरोपी के अलीगंज स्थित आवास (सी-143, सेक्टर-ई, चंद्रलोक कॉलोनी) पर कोर्ट से मिले सर्च वारंट के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान घर के अलग-अलग हिस्सों में पैकेट बनाकर रखा 1 करोड़ 62 लाख रुपये का कैश बरामद हुआ। इसके अलावा घर से भारी मात्रा में जेवरात, सोने-चांदी की ईंटें और बिस्किट मिले, जिन्हें तौलने पर 13 किलो सोना-हीरा और 9 किलो चांदी निकली। सरकारी मूल्यांकन के अनुसार इस सोने-चांदी की कीमत करीब 20 करोड़ रुपये है।
"आगरा के पूर्व एआरटीओ के घर से मिला सोने-चांदी और कैश का जखीरा.. 13 किलो सोने की ईंटें और बिस्किट, 9 किलो चांदी की ईंटें और बार.. सवा करोड़ रुपए नकद.."
एआरटीओ ललित कुमार साहब बड़े धन कुबेर निकले.. साहब खूब जमकर रुपया काट रहे थे.. सरकार की नजर पड़ गई.. साहब के खिलाफ आय से अधिक… pic.twitter.com/zwYBdYF0i9
— Vivek K. Tripathi (@meevkt) July 8, 2026
लखनऊ, नोएडा और बाराबंकी में फैला संपत्ति का साम्राज्य
विजिलेंस को आरोपी द्वारा कई शहरों में फैली अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले हैं। ललित कुमार ने लखनऊ के अलीगंज, वृंदावन योजना, इस्माइलगंज, मोहनलालगंज के अलावा नोएडा और बाराबंकी में कुल 15 अचल संपत्तियां बना रखी थीं। इनमें आलीशान मकान, कई आवासीय भूखंड, नोएडा की नामी प्रोजेक्ट्स में फ्लैटों की बुकिंग और कई बीघा कृषि भूमि शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
लग्जरी गाड़ियां, असलहा और बैंकों में भी करोड़ों का निवेश
आरोपी से एक टोयोटा इनोवा और हुंडई आई-20 कार बरामद की गई है। घर से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर भी मिली है। विभिन्न बैंकों, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में 1 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के दस्तावेज भी हाथ लगे हैं। विजिलेंस ने घर की साज-सज्जा, इंटीरियर और महंगे उपकरणों पर खर्च की गई करोड़ों रुपये की राशि की अलग सूची भी तैयार की है।
इसे भी पढ़ें: मोदी कैबिनेट में स्मृति ईरानी की वापसी तय, फिर सुर्खियों में फायरब्रांड नेता
कानपुर में पहले से दर्ज है मुकदमा
गौरतलब है कि रिटायर्ड ARTO ललित कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में कानपुर के एंटी करप्शन थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पहले से दर्ज है। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार छापे में मिली सभी अनुपातहीन संपत्तियों को केस डायरी में शामिल कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें: ऑरेंज मिडी ड्रेस में बोल्ड दिखीं देसी गर्ल, तो निक जोनास ने इस अंदाज में लूट ली महफिल
