आगरा में सोनम रघुवंशी कांड, पत्नी ने पति को नशे की ओवरडोज रास्ते से हटाया, बाथरूम के फर्श के नीचे दफनाया
Agra Bathroom Murder Case: मध्य प्रदेश के चर्चित सोनम रघुवंशी और मेरठ के मुस्कान हत्याकांड की खौफनाक यादें अभी धुंधली भी नहीं पड़ी थीं कि उत्तर प्रदेश के आगरा से एक और रूह कंपा देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक कलयुगी पत्नी पर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या करने और उसकी लाश को घर के ही बाथरूम के फर्श के नीचे दफनाने का संगीन आरोप लगा है।
इतना ही नहीं, आरोपी महिला ने शव को ठिकाने लगाने के बाद उस फर्श पर दोबारा प्लास्टर करा दिया और करीब डेढ़ महीने (45 दिन) तक पति के लापता होने का स्वांग रचती रही। पुलिस ने जब शक के आधार पर बाथरूम की खुदाई कराई, तो फर्श के नीचे से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ है।
18 मई से लापता था सुरेंद्र
यह रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सिकंदरा की रेणुका धाम कॉलोनी का है। यहाँ 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा अपनी पत्नी रूबी, दो बच्चों और बुजुर्ग मां के साथ रहते थे। मृतक के भाई अनिल शर्मा के मुताबिक, बीते 18 मई को रूबी ने अचानक उन्हें फोन किया और कहा कि उनके घर पर पुलिस दबिश दे रही है, इसलिए वे बच्चों और मां को अपने साथ ले जाएं। इसके ठीक बाद रूबी ने परिवार को बताया कि सुरेंद्र गुस्से में घर छोड़कर कहीं चले गए हैं। भाई अनिल ने तुरंत सिकंदरा थाने में सुरेंद्र की गुमशुदगी (Missing Report) दर्ज कराई।
पुलिस के साथ खुद ढूंढती रही
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद रूबी ने किसी को भनक तक नहीं लगने दी कि सुरेंद्र की मौत हो चुकी है। वह लगातार पुलिस और परिजनों के साथ मिलकर सुरेंद्र की खोजबीन का नाटक करती रही। वह पुलिस के साथ आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने भी जाती थी और कॉलोनी के लोगों के सामने पति के गम में रोने-बिलखने का दिखावा करती थी। हालांकि, समय बीतने के साथ पुलिस और परिवार के सामने दिए गए उसके बयानों में विरोधाभास (Contradictions) मिलने लगा, जिससे परिजनों का माथा ठनका।
बैंक स्टेटमेंट ने खोला राज
सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि उनका शक तब गहराया जब उन्होंने अपनी मां के बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। उसमें से सुरेंद्र के लापता होने के बाद भी लगातार रकम निकाली जा रही थी। परिवार ने जब रूबी पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाया और भरोसा दिया कि यदि वह सच बताएगी तो वे उसका साथ देंगे, तब रूबी टूट गई। उसने अनिल को घर बुलाया और बेहद ठंडे दिमाग से कहा कि सुरेंद्र घर के बाथरूम में हैं।
अनिल ने बिना वक्त गंवाए इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जब बाथरूम के फर्श को कुदाल से खुदवाया, तो नीचे से एक नरकंकाल निकला, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों की रूह कांप गई। पुलिस ने अवशेषों को तुरंत पोस्टमार्टम और फोरेंसिक लैब (FSL) के लिए भेज दिया है।
इसे भी पढ़ें: अविनाश शुक्ला के घर से मिले 20 लाख कैश और डॉलर
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास के मुताबिक, मृतक सुरेंद्र नशे का आदी था। वह अत्यधिक शराब पीने के साथ-साथ नशे की गोलियां भी खाता था। वारदात वाले दिन पत्नी रूबी ने इसी का फायदा उठाया और सुरेंद्र को खाने/शराब में मिलाकर नशे की गोलियों की भारी ओवरडोज (Overdose) दे दी। सुरेंद्र के अचेत होने के बाद उसकी हत्या कर दी गई और लाश को बाथरूम में गड्ढा खोदकर दबा दिया गया।
डीसीपी ने साफ किया कि मौत के असली कारणों का अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम, फोरेंसिक रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही तय होगा। पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी रूबी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब इस डरावने एंगल पर भी जांच कर रही है कि इस पूरी साजिश और भारी-भरकम फर्श की खुदाई व प्लास्टर के काम में क्या घर के भीतर या बाहर का कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था?
इसे भी पढ़ें: पाकिस्तान में 2 विदेशी महिलाओं का अपहरण कर गैंगरेप
