फौजी की पत्नी को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म, जबरन निकाह और धर्मांतरण का दबाव
नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर अंतर्गत सोनेगांव थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक विवाहित महिला को धोखे से नशीला पदार्थ पिलाकर आबरू लूटी गई, उसका अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया और फिर जबरन निकाह पढ़ाकर धर्मांतरण का दबाव बनाया गया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए कलमेश्वर निवासी मुख्य आरोपी अय्याज ताज मदारे और उसके मददगार अमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस पूरी साजिश में शामिल मध्य प्रदेश के तामिया निवासी हजरत मौलाना की तलाश में नागपुर पुलिस की एक टीम एमपी रवाना हो चुकी है।
प्लॉट खरीदने के बहाने होटल बुलाकर की दरिंदगी
पीड़िता का पति भारतीय सेना (आर्मी) में कार्यरत है और फिलहाल दूसरे शहर में तैनात है। महिला खुद को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नागपुर में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है। फरवरी 2025 में मुख्य आरोपी अय्याज ने प्लॉट खरीदने के बहाने महिला से संपर्क साधा और उसे एक होटल में मीटिंग के लिए बुलाया। आरोप है कि वहाँ आरोपी ने महिला को नशीला जूस पिलाया और बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म कर अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए।
"ये महिला नागपुर की प्रॉपर्टी डीलर है.. पति सेना में है.. बाहर रहता है.. कोई हजरत मौलाना नाम का युवक इस पर जादू-टोना कर रहा है.. धर्म परिवर्तन कराकर निकाह भी करा दिया.."
महिला के स्कूल के दोस्त अय्याज़ ताज मदारे ने प्लाट खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया था.. महिला का आरोप है कि… pic.twitter.com/w4Pnq8JA7B
— Vivek K. Tripathi (@meevkt) June 16, 2026
इंस्टाग्राम से दोबारा शुरू हुआ था संपर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़िता और आरोपी बचपन से एक-दूसरे को जानते थे और एक ही गांव के रहने वाले थे। साल 2024 में पीड़िता की शादी हो गई, जिसके बाद इंस्टाग्राम के जरिए दोनों का दोबारा संपर्क हुआ। आरोपी को पता था कि महिला प्रॉपर्टी का काम करती है, जिसका फायदा उठाकर उसने उसे जाल में फंसाया। पीड़िता ने पुलिस को एक वीडियो भी सौंपा है, जिसमें मुख्य आरोपी उस पर ‘काला जादू’ या ब्लैक मैजिक जैसी कोई तांत्रिक क्रिया करता दिख रहा है। पुलिस ने मोबाइल और वीडियो को जब्त कर लिया है।
तामिया ले जाकर जबरन पढ़ाया कलमा, खिलाया बीफ
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी उसे डरा-धमकाकर मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया नामक स्थान पर ले गए। वहाँ एक मौलाना की मौजूदगी में महिला की मर्जी के खिलाफ जबरन कलमा पढ़वाकर उसका निकाह कराया गया। प्रताड़ना यहीं नहीं रुकी, पीड़िता का आरोप है कि निकाह के बाद उसे जबरदस्ती बीफ (गोमांस) खिलाया गया। जब महिला ने स्वाद अलग होने की बात कही, तब मुख्य आरोपी ने खुलासा किया कि वह बीफ था।
इसे भी पढ़ें: हेल्थ एक्सपर्ट्स की चेतावनी, ChatGPT से मेडिकल सलाह लेना आपके लिए हो सकता है जानलेवा
अंधविश्वास विरोधी कानून के तहत भी मामला दर्ज
सोनेगांव थाने के पुलिस निरीक्षक राहुल तसरे ने बताया कि पीड़िता ने 13 जून को थाने में आपबीती दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल प्रभाव से एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं के साथ-साथ ‘महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, अनिष्टकारी व अघोरी प्रथाएं और काला जादू रोकथाम व उन्मूलन अधिनियम’ (अंध श्रद्धा निर्मूलन कानून) के तहत भी केस दर्ज किया है। दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और तीसरे फरार मौलाना को पकड़ने के लिए तामिया में गहन तफ्तीश जारी है।
इसे भी पढ़ें: नागरी प्रचारिणी सभा में गूंजे काव्य स्वर
