अलवर में दोस्त की पत्नी से दुष्कर्म, फिर दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या, राहुल मीणा गिरफ्तार
नई दिल्ली: दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक 22 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी राहुल मीणा को द्वारका इलाके के एक होटल में छिपे होने के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता एक वरिष्ठ आयकर (आईआरएस) अधिकारी की बेटी थीं, जो इंजीनियरिंग के बाद यूपीएससी की तैयारी कर रही थीं और सिविल सेवक बनने का सपना देखती थीं।
नौकरी से निकाले जाने के बाद रची थी हत्याओं की साजिश
पड़ोसियों के अनुसार, पीड़िता बेहद अनुशासित, मेहनती और सोशल मीडिया से दूर रहने वाली लड़की थी। लेकिन जिस राहुल मीणा ने उसकी हत्या की, वह करीब सात-आठ महीने तक इसी घर में नौकर के रूप में काम कर चुका था। डेढ़ महीने पहले बिलों में हेराफेरी और आईआरएस अधिकारी के नाम पर पड़ोसियों से डेढ़ लाख रुपए उधार लेने के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसी रंजिश ने उसे दरिंदा बना दिया।
वारदात को कैसे दिया अंजाम
बुधवार सुबह करीब छह बजे पीड़िता के माता-पिता जिम जाने के लिए घर से निकले। घर में युवती अकेली थी। राहुल, जो पहले से पास के आस्था कुंज पार्क में छिपकर बैठा था, माता-पिता के जाते ही घर में घुस गया। उसे पता था कि घरेलू सहायकों के लिए घर की चाबी लेटर बॉक्स में रखी जाती है। उसने सो रही युवती पर पहले लाठी से हमला किया, फिर मोबाइल चार्जर की केबल से उसका गला घोंट दिया। करीब 41 मिनट तक घर में रहने के बाद वह कीमती सामान लूटकर फरार हो गया।

ऑनलाइन जुए की लत बनी जड़
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, राहुल ने दिल्ली की वारदात से पहले राजस्थान के अलवर में भी एक और जघन्य अपराध किया था। मंगलवार रात करीब 10:30 बजे उसने अपने दोस्त के घर जाकर दरवाजा खटखटाया। दोस्त की पत्नी ने समझा कि उसका पति आ गया है और दरवाजा खोल दिया। राहुल ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। अलवर के एसपी के अनुसार, राहुल और पीड़ित महिला का पति दोनों ऑनलाइन लूडो जुआ खेलते थे और दोनों ने इसमें काफी पैसे गंवाए थे।
सीसीटीवी और तकनीक से खुला राज
अलवर में दुष्कर्म के बाद राहुल ने एक निजी अस्पताल की ईको वैन को 6 हजार रुपए में एम्बुलेंस के तौर पर किराए पर लिया और 190 किलोमीटर का सफर तय कर बुधवार तड़के दिल्ली पहुंचा। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में पीली टी-शर्ट पहने एक शख्स को भागते देखा। एक कार सफाई कर्मचारी ने बताया कि उसने राहुल को चाय ऑफर की थी, जिसे उसने मना कर दिया। टेक्निकल सर्विलांस और इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल की मदद से पुलिस ने उसके कजिन को पकड़ा और फिर द्वारका के होटल से राहुल को गिरफ्तार कर लिया।

दो राज्यों की पुलिस कर रही संयुक्त जांच
अलवर पुलिस ने 7 अलग-अलग टीमें बनाकर आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है और जल्द ही दिल्ली पुलिस से राहुल की कस्टडी मांगी जा सकती है। राहुल 12वीं पास है और अलवर के राजगढ़ का रहने वाला है। उसके खिलाफ बलात्कार, हत्या और लूट की धाराएं लगाई गई हैं। डीसीपी (दक्षिण पूर्व) हेमंत तिवारी ने कहा, हमने पुख्ता सबूत जुटा लिए हैं। आरोपी को कानून के तहत सबसे कड़ी सजा दिलाई जाएगी। फॉरेंसिक टीम ने सबूत एकत्र कर लिए हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: प्राइवेट स्कूलों में NCERT के अलावा कोई और किताबें नहीं थोप सकेंगे
इसे भी पढ़ें: UP Board Result 2026: यूपी बोर्ड के नतीजों में बेटियों का दबदबा
