जमीन पर दबंगई बर्दाश्त नहीं, विशेष टीम गठित कर कराएं निस्तारण: सीएम योगी
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि से जुड़े विवादों को जड़ से खत्म करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की जमीन पर अगर दबंगों ने अवैध कब्जा किया है तो न सिर्फ उसे मुक्त कराया जाए, बल्कि दोषियों को कड़ी कानूनी सजा भी सुनिश्चित की जाए। जमीन का असली मालिक ही उसका हकदार हो, यह सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया जाएगा। सीएम ने स्पष्ट कहा कि सरकार का संकल्प है किसी के साथ अन्याय नहीं, हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली।
गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में आयोजित जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और कुर्सियों पर बैठे करीब 200 लोगों की एक-एक करके समस्याएं सुनीं। उन्होंने हर पीड़ित को आश्वस्त किया कि उनके साथ किसी भी स्तर पर अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए त्वरित एवं संतुष्टिपरक समाधान का निर्देश दिया।
इसे भी पढ़ें: अलवर में दोस्त की पत्नी से दुष्कर्म, फिर दिल्ली में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या
भूमि विवाद के मामलों पर विशेष जोर देते हुए सीएम ने अफसरों से कहा कि ऐसे प्रकरणों के निस्तारण के लिए तुरंत विशेष टीमें लगाई जाएं और शीघ्रता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा, जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार इलाज में हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने निर्देश दिया कि इलाज के एस्टीमेट की प्रक्रिया को अति शीघ्र पूरा करके शासन तक पहुंचाया जाए।
पुलिस से जुड़े मामलों में उन्होंने पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए और कहा कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशीलता का व्यवहार किया जाए। किसी भी स्थिति में अन्याय न हो, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: प्राइवेट स्कूलों में NCERT के अलावा कोई और किताबें नहीं थोप सकेंगे
