देवरिया: कहते हैं कि अपनी मर्जी से जीने का सबको हक है। लेकिन जब कोई अपनी मर्जी से जीना चाहता है, तो सबसे पहले घर वाले ही दुश्मन बन बैठते हैं। कुछ इसी तरह का मामला उत्तर प्रदेश के देवरिया से सामने आया है। यहां अपनी मर्जी से शादी करने पर नाराज परिवार ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए बहू के साथ न सिर्फ मारपीट की बल्कि उसके प्राइवेट पार्ट में डंडा डालकर जान से मारने की कोशिश तक कर डाली। परिवार ने बेटे की गलती की सजा बहू को दी। बताया जा रहा है कि बेटे ने अपनी मर्जी से दूसरे प्रदेश की लड़की से शादी कर ली। घरवालों को जब इस बात की जानकारी हुई तो वह बेटे पर दूसरी शादी करने का दबाव बनाने लगे।

लड़के के दूसरी शादी के लिए न तैयार होने पर घरवालों ने रात में छत पर सो रही बहू से न सिर्फ मारपीट की बल्कि उसके प्राइवेट पार्ट में डंडा डाल दिया। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के पति ने पुलिस को तहरीर देकर परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक देवरिया जनपद के मदनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक कुछ वर्षों पहले कमाने के लिए दिल्ली गया था। वहां पर उसके साथ काम करने वाली दूसरी जाति की युवती से उसका प्रेम-प्रसंग हो गया। दोनों ने अपनी मर्जी से करीब आठ साल पहले दिल्ली में शादी कर ली और राजी खुशी गुरुग्राम में एक किराए के मकान में रहने लगे। इस दौरान से एक बच्ची भी हो गई। पिछले वर्ष युवक अपने गांव आया और जब घर वालों को जानकारी दी तो वह लोग शादी के खिलाफ हो गए। बेटे कर आरोप है कि परिवार के लोगों ने खुद को ऊंची जाति का और युवती को छोटी जाति का बताते हुए शादी पर ऐतराज जाहिर की। परिजन उसपर दूसरी शादी करने का दबाव बनाने लगे। वहीं इसकी जानकारी होने पर महिला अपनी बेटी के साथ गांव पहुंच गई। जिसे लेकर घर में कलह शुरू हो गया।

इसे भी पढ़ें: छात्र ने रची थी अपहरण की साजिश

परिजनों ने बहू के दूसरी जाति से होने के चलते घर में घुसने से मना कर दिया। काफी प्रयास के बाद जब घर वाले नहीं माने तो महिला पुलिस की शरण में पहुंची। पुलिस की मदद से महिला को पति के घर में प्रवेश मिल गया। आरोप है कि 19 जुलाई को महिला अपनी बेटी के साथ छत पर सो रही थी। तभी परिवार के सदस्य छत पर आ गए और उसके साथ मारपीट करने लगे। ससुरालियों ने रस्सी से उसका गला दबा कर मारने का प्रयास किया। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके गुप्तांग में डंडा डाल दिया। जिससे उसकी स्थिति बिगड़ गई।

महिला के पति ने उसे इलाज के जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़िता के पति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी देवरिया संकल्प शर्मा ने बताया कि महिला के साथ मारपीट व अभद्रता करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपियों के विरुद्ध पहले ही मुकदमा दर्ज क्या गया था। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इसे भी पढ़ें: इंस्पेक्टर ने महिला सिपाही से की अश्लीलता

Spread the news