कंगना रनौत ने ताजा बयान में हिंदू बेटियों की शादी-दोस्ती को लेकर साधा निशाना, सोनाक्षी सिन्हा पर कसा तंज

Kangana Ranaut Viral Video

Kangana Ranaut Row: बेबाक राय के लिए जाने जानी वाली फिल्म अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश के मंडी से भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत ने एक बार फिर अपने एक नए वीडियो के जरिए बड़ा राजनीतिक और फिल्मी विवाद खड़ा कर दिया है। कंगना ने हिंदू महिलाओं, उनके व्यक्तिगत रिश्तों और अपनी बदलती राजनीतिक व धार्मिक विचारधारा पर खुलकर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म इंडस्ट्री में कुछ हिंदू बेटियां तब तक निष्पक्ष (न्यूट्रल) रहती हैं, जब तक कि वे किसी इस्लामिस्ट पुरुष से शादी या दोस्ती नहीं कर लेतीं। कंगना के अनुसार, इसके बाद वे अचानक वामपंथी या कट्टरपंथी विचारधारा की ओर झुक जाती हैं।

सोनाक्षी सिन्हा की ओर माना जा रहा है इशारा

कंगना का यह बयान उनके उस इंस्टाग्राम पोस्ट के कुछ ही घंटों बाद आया है, जिसमें उन्होंने बिना नाम लिए इंडस्ट्री की एक अभिनेत्री पर तीखा तंज कसा था। कंगना ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि वह अभिनेत्री हाफ पैंट, उल्टी कैप पहनती है और जेबकतरा की तरह कपड़े पहनकर बात करती है।

सोशल मीडिया पर यूजर्स का मानना है कि कंगना का यह अप्रत्यक्ष इशारा अभिनेता जहीर इकबाल से शादी करने वाली अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की ओर था। उल्लेखनीय है कि सोनाक्षी सिन्हा ने पिछले महीने दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) द्वारा NEET पेपर लीक मुद्दे पर आयोजित विरोध-प्रदर्शन का खुलकर समर्थन किया था।

कंगना ने अपने वीडियो में कहा, इंडस्ट्री की कई हिंदू लड़कियों को हमने करीब से देखा है। शुरुआत में राजनीति या धर्म को लेकर उनकी कोई स्पष्ट विचारधारा नहीं होती। लेकिन जैसे ही वे किसी इस्लामिस्ट के साथ शादी या दोस्ती के रिश्ते में आती हैं, उनकी सोच एकदम बदल जाती है। वे ज्यादा कट्टरपंथी या वामपंथी बन जाती हैं। हालांकि, संविधान हर किसी को अपनी पसंद की विचारधारा चुनने की आजादी देता है।”

बोलीं- अब मुझे संघी बनना है

साल 2018 के कांस (Cannes) फिल्म फेस्टिवल के बाद की एक पार्टी का वीडियो दोबारा वायरल होने पर 40 वर्षीय कंगना ने ट्रोल्स को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि लोग उनके अतीत के वीडियो निकालकर उन्हें निशाना बनाते हैं। कंगना ने अपनी विचारधारा के बदलाव पर सफाई देते हुए कहा, हां, मैं पहले एक मॉडरेट (उदारवादी) हिंदू थी। लेकिन आज अगर मुझे खुद को डिफेंड करना पड़े तो मैं गर्व से कहूंगी कि मुझे संघी बनना है। मुझे बीजेपी, आरएसएस की विचारधारा और एक अवेकन (जाग्रत) हिंदू बनना है।

इसे भी पढ़ें: बृजभूषण सिंह के बरी होने पर बोलीं विनेश फोगाट, ऊपरी अदालत में करेंगे अपील

मीम विवाद पर भी दी प्रतिक्रिया

कंगना ने उन दावों को भी खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि उन्होंने झारखंड पेपर लीक मामले में एक अभिनेत्री का मजाक उड़ाने वाले मीम को लाइक किया था। हालांकि, उन्होंने अपना रुख दोहराते हुए कहा कि वे यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर क्यों इंडस्ट्री की एक खास महिला जेबकतरा की तरह कपड़े पहनने और बोलने लगी है। कंगना के इस बयान के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई है।

इसे भी पढ़ें: अखिलेश यादव का AI वीडियो वायरल, साथ दिखे अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...