यौन उत्पीड़न के मामले में बृजभूषण सिंह के बरी होने पर बोलीं विनेश फोगाट, ऊपरी अदालत में करेंगे अपील
Brij Bhushan Acquittal Reactions: भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से मिली राहत के बाद राजनीतिक और खेल जगत में बयानबाजी तेज हो गई है। कोर्ट द्वारा बृजभूषण शरण सिंह और सह-आरोपी विनोद तोमर को बरी किए जाने के फैसले पर स्टार रेसलर विनेश फोगाट और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
अदालत के फैसले से दुखी हैं, लेकिन लड़ाई जारी रहेगी: विनेश फोगाट
महिला पहलवानों के आंदोलन का मुख्य चेहरा रहीं विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए कहा कि सत्ताधारी दल के एक प्रभावशाली बाहुबली नेता के खिलाफ सड़कों पर उतरना और एफआईआर (FIR) दर्ज करवाना ही अपने आप में बेहद हिम्मत का काम था। विनेश ने आरोप लगाया कि बृजभूषण शरण सिंह ने अपनी सत्ता और बाहुबल का इस्तेमाल करके कई पीड़ित लड़कियों को डराया-धमकाया और उनके नाम वापस करवाए।
— Vinesh Phogat (@Phogat_Vinesh) August 3, 2026
उन्होंने कहा, हमें इस बात का गहरा दुख है कि अदालत ने बृजभूषण को महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन हिंसा के आरोपों में दोषी नहीं माना। शुरुआत से ही पूरा तंत्र, सरकार और सिस्टम उन्हें बचाने में लगा हुआ था। विनेश ने स्पष्ट किया कि पहलवानों ने उम्मीद नहीं छोड़ी है। उन्होंने अपने वकीलों को इस फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत (High Court) में जल्द से जल्द अपील करने का निर्देश दे दिया है और कानूनी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
#WATCH दिल्ली | बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, "एक तरफ तो वे कहते हैं कि वे युवा पीढ़ी के साथ हैं, महिला सशक्तिकरण और महिला आरक्षण की बात करते हैं, और दूसरी तरफ ये…." pic.twitter.com/5zm7shTzF9
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 3, 2026
प्रियंका गांधी ने भी बीजेपी सरकार को घेरा
वहीं, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस अदालती फैसले के बाद केंद्र सरकार पर जमकर तंज कसा। सरकार की नीतियों और दावों पर सवाल उठाते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, एक तरफ तो वे (सरकार) कहते हैं कि वे युवा पीढ़ी के साथ खड़े हैं, मंचों से महिला सशक्तिकरण और महिला आरक्षण की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, और दूसरी तरफ जमीनी सच्चाई हमारे सामने है।
इसे भी पढ़ें: अखिलेश यादव का AI वीडियो वायरल, साथ दिखे अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी
क्या था मामला
गौरतलब है कि महिला पहलवानों द्वारा बृजभूषण शरण सिंह पर WFI अध्यक्ष रहते हुए यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए गए थे, जिसके बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर लंबा आंदोलन चला था। दिल्ली पुलिस ने जांच के बाद 1,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। हालांकि, साक्ष्यों और दलीलों पर विचार करने के बाद राउज एवेन्यू कोर्ट ने बृजभूषण शरण सिंह को सभी आरोपों से बरी कर दिया।
इसे भी पढ़ें: महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह बरी
