भीषण गर्मी में पूर्वोत्तर रेलवे स्काउट-गाइड ने ऐशबाग स्टेशन पर यात्रियों को पिलाया ठंडा पानी
Lucknow News: राजधानी लखनऊ समेत पूरे उत्तर भारत में पड़ रही भीषण और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच पूर्वोत्तर रेलवे (NER) ने यात्रियों को राहत देने के लिए एक सराहनीय कदम उठाया है। पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ (लखनऊ) की ओर से आज ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर एक विशेष जनसेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक (DRM/लखनऊ जंक्शन) व जिला संघ के अध्यक्ष के दिशा-निर्देशन और जिला आयुक्त (स्काउट एवं गाइड) के कुशल मार्गदर्शन में ऐशबाग स्टेशन पर यात्रियों और आम जनता के लिए निःशुल्क शीतल जल एवं शर्बत वितरण सेवा शुरू की गई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “जल ही जीवन है” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
स्काउट-गाइड्स ने संभाली कमान
इस सेवा कार्यक्रम को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी कोहिनूर गाइड ग्रुप और अजंता स्काउट ग्रुप (ऐशबाग) ने बखूबी संभाली। झुलसा देने वाली धूप और गर्मी के बीच स्काउट-गाइड्स ने ट्रेन के मुसाफिरों, बच्चों और बुजुर्गों को रोक-रोक कर ठंडा पानी और शर्बत पिलाया, जिससे यात्रियों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम का सफल संचालन कोहिनूर गाइड ग्रुप की लीडर रुक्मणी शर्मा, अजंता स्काउट ग्रुप के लीडर नसीम अख्तर, चंदन यादव और स्काउट मास्टर मनीष पाण्डेय के संयुक्त नेतृत्व में किया गया।

30 से अधिक वॉलेंटियर्स ने दिखाई सेवा भावना
ऐशबाग स्टेशन पर आयोजित इस पुनीत कार्य में दोनों ग्रुपों के करीब 30 स्काउट, गाइड और उनके लीडरों ने पूरी सक्रियता के साथ भाग लिया। सहभागिता करने वाले प्रमुख नामों में भूमिका शर्मा, वर्षा कुमारी, आरोही सिंह, विनीता हेल, पिरषा शर्मा, अमित यादव, अंकित शर्मा, संदीप सिंह, दिलीप यादव, मोहम्मद अदनान, नीरज आनंद, आयुष्मान सिंह, आयुष सिंह, आर्यन वर्मा और मनीष आनंद शामिल रहे। इस सामाजिक सरोकार के कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला संघ के पूर्व व वर्तमान पदाधिकारियों के साथ-साथ गणेश कनौजिया, आर एन गर्ग, अरविंद वर्मा, कमर्शियल डिपार्टमेंट के फूलचंद, जैन सिंह और स्टेशन पर मौजूद अन्य रेल कर्मचारियों ने भी अपना विशेष योगदान दिया।
इसे भी पढ़ें: INDIA गठबंधन के 25 दलों का महामंथन, राहुल ने दी सफाई
यात्रियों ने की मुक्तकंठ से सराहना
ऐशबाग स्टेशन पर अचानक मिले इस ठंडे शर्बत और पानी से यात्रियों को सफर के दौरान बेहद राहत महसूस हुई। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने पूर्वोत्तर रेलवे और स्काउट-गाइड संगठन की इस मानवीय पहल की जमकर तारीफ की। इस कार्यक्रम के जरिए संगठन ने एक बार फिर समाज में सेवा, अनुशासन और जनकल्याण की अपनी मूल भावना का एक बेमिसाल उदाहरण पेश किया है।
इसे भी पढ़ें: 350 मातृशक्ति की अटूट आस्था के बीच निकली भव्य यात्रा
