हरियाणा निकाय चुनाव: भाजपा-कांग्रेस में कांटों का मुकाबला, पंचकूला में EVM को लेकर हंगामा

haryana municipal election results

चंडीगढ़/पंचकूला: हरियाणा में निकाय चुनावों की मतगणना आज पूरे दिन राजनीतिक उतार-चढ़ाव के साथ चली। सत्ताधारी भाजपा और मुख्य विपक्षी कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। जहां एक तरफ भाजपा ने कई अहम सीटों पर कब्जा जमाया, वहीं दूसरी तरफ पंचकूला में कांग्रेस ने धांधली के आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।

सोनीपत में भाजपा के राजीव जैन बने मेयर

सोनीपत नगर निगम में भाजपा के राजीव जैन ने कांग्रेस के कमल दीवान को कड़े टक्कर में हराकर मेयर पद पर जीत दर्ज की। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पारंपरिक गढ़ माने जाने वाले सांपला में भाजपा के प्रवीण कोच ने चेयरमैन पद जीतकर कांग्रेस को करारा झटका दिया है। धारूहेड़ा में भी भाजपा का परचम लहराया और अजय जांगड़ा 9392 वोटों के साथ चेयरमैन चुने गए।

उकलाना में कांग्रेस की झोली में जीत

हालांकि, सभी जगह भाजपा का ही सिक्का नहीं चला। उकलाना नगर पालिका में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार रीमा सोनी ने भाजपा की निकिता गोयल को मात देते हुए चेयरपर्सन पद पर कब्जा कर लिया। यह जीत कांग्रेस के लिए राहत की खबर लेकर आई, वरना कई अन्य सीटों पर पार्टी का पलड़ा हलका रहा।

इसे भी पढ़ें: प्रतीक यादव के पोस्टमार्टम में खुलासा, खून का थक्का बना मौत का कारण

पंचकूला में कांग्रेस का धांधली का आरोप

सबसे बड़ा राजनीतिक विवाद पंचकूला के मतगणना केंद्र पर हुआ। यहां कांग्रेस की मेयर उम्मीदवार सुधा भारद्वाज और उनके पति संजीव भारद्वाज ने EVM में हेराफेरी के गंभीर आरोप लगाए। सुधा भारद्वाज का कहना था कि स्ट्रांग रूम में ‘चोर दरवाजे’ बनाए गए थे और मशीनों की सील टूटी हुई मिली। उन्होंने सवाल किया कि अधिकारियों के पास इन गड़बड़ियों का कोई जवाब नहीं है। आरोपों के बाद केंद्र के बाहर कांग्रेस समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

अंबाला में भाजपा की बड़ी बढ़त

अंबाला में मेयर पद के लिए भाजपा की अक्षिता सैनी का पलड़ा भारी रहा। नौवें राउंड की समाप्ति तक वह कांग्रेस की कुलविंदर कौर से 12,687 वोटों की बड़ी बढ़त बनाए हुए थीं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अंबाला के वार्ड-12 में, जहां कांग्रेस सांसद वरुण मुलाना और जिलाध्यक्ष पवन अग्रवाल का घर है, वहां भी कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। इस हार ने कांग्रेस खेमे में मायूसी फैला दी है।

इसे भी पढ़ें: भाजपा समग्र हिंदुत्व पर ही लड़ेगी उत्तर प्रदेश की चुनावी लड़ाई

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...