UP में मजबूत हो रही कांग्रेस, पूर्व IAS राकेश वर्मा और अभिनेत्री फिरदौस बानो पार्टी में शामिल
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने दल का विस्तार करने की कवायद तेज कर दी है। बुधवार को पार्टी ने एक पूर्व आईएएस अधिकारी और एक दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेत्री को अपने खेमे में शामिल करके एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मौजूदगी में पूर्व IAS राकेश वर्मा और अभिनेत्री फिरदौस बानो (जारा खान) ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यूपी कांग्रेस के ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा ने दोनों को सदस्यता दिलाई।
सौंपी खास किताब ट्रोल पुराण
सदस्यता ग्रहण करने के बाद डॉ. राकेश वर्मा ने मौजूदा नौकरशाही पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज के दौर में अधिकारी अपने मूल कर्तव्यों से भटककर दूसरे कामों में उलझे हुए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि देश को बचाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। डॉ. वर्मा ने यह भी कहा कि आज देश और प्रदेश ऐसे लोगों के हाथों में है जिन्हें लोकतंत्र और संविधान पर भरोसा नहीं है। उन्होंने अपनी पार्टी में शामिल होने की वजह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से प्रभावित होना बताया।
गौरतलब है कि मंगलवार को रायबरेली के दौरे पर जाते हुए राहुल गांधी से लखनऊ एयरपोर्ट पर डॉ. वर्मा की मुलाकात हुई थी, जहां उन्होंने राहुल गांधी को अपनी लिखी किताब ‘ट्रोल पुराण : राहु से राहुल की यात्रा’ भेंट की थी। यह किताब राहुल गांधी की छवि को ट्रोल करने की कोशिशों और भारत जोड़ो यात्रा के बाद उनकी छवि में आए बदलाव पर केंद्रित है।

राकेश वर्मा PCS से IAS बने, VRS लेकर राजनीति में उतरे
डॉ. राकेश वर्मा एक ऐसे नौकरशाह रहे हैं, जिन्होंने PCS से शुरुआत करके IAS कैडर में प्रमोशन पाया। बाद में VRS लेने के लिए वह दोबारा PCS कैडर में वापस लौटे और फिर स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने उद्योग सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में काम किया है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस आगामी चुनावों में डॉ. वर्मा की तकनीकी विशेषज्ञता और रणनीतिक समझ का इस्तेमाल चुनाव प्रचार के दौरान कर सकती है।
इसे भी पढ़ें: एससी/एसटी एक्ट: संरक्षण, न्याय और निष्पक्षता के संतुलन पर एक गंभीर विमर्श
कई अन्य नेता भी हुए शामिल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने इस अवसर पर कहा कि डॉ. वर्मा जैसे अनुभवी व्यक्ति के पार्टी में आने से संगठन को नई ताकत मिलेगी। उन्होंने बताया कि डॉ. वर्मा ने पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने की इच्छा जताई है। इसके अलावा, लखनऊ के राम कुमार ठाकुर, विकास चंद्रा, राज कुमार और अन्य कार्यकर्ताओं ने भी इसी कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की सदस्यता ली। दक्षिण भारतीय अभिनेत्री फिरदौस बानो (जारा खान) के शामिल होने को भी पार्टी बड़े सांस्कृतिक और सामाजिक विस्तार के रूप में देख रही है।
इसे भी पढ़ें: सनातन द्रोह की विकृत राजनीति
