Lucknow News: सिपाही रिश्वत लेते CCTV में कैद, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
Lucknow News: राजधानी के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित रहीमाबाद थाना एक बार फिर रिश्वतखोरी के आरोपों को लेकर चर्चा में है। इस बार थाने में तैनात सिपाही प्रेम नारायण पर मुकदमा दर्ज कराने के एवज में एक पीड़ित से पांच हजार रुपये लेने का आरोप लगा है। कथित रिश्वत लेने का वीडियो दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
तेरवा तिराहे की दुकान में रुपये लेने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, मामला रहीमाबाद थाना क्षेत्र के तेरवा तिराहे स्थित एक ट्रेडर्स की दुकान का बताया जा रहा है। आरोप है कि एक पीड़ित पक्ष किसी मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर लगा रहा था। इसी दौरान सिपाही प्रेम नारायण ने कथित तौर पर उससे पांच हजार रुपये की मांग की।
बताया जा रहा है कि सिपाही ने पीड़ित को तेरवा तिराहे की दुकान पर बुलाया, जहां बातचीत के दौरान उसने पांच हजार रुपये लिए। सोशल मीडिया पर वायरल CCTV फुटेज में पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति नकदी लेते और उसे गिनकर जेब में रखते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि और पूरे मामले की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
पांच हजार लाओं,मुकदमा तुरंत लिखवाओ..
लखनऊ रहीमाबाद थाना क्षेत्र वर्दी में भ्रष्टाचार के दाग।रिश्वत लेते सिपाही का वीडियो CCTV में कैद।ममला तेरवा तिराहे पर स्थित ट्रेडर्स की दुकान का है।आरोप सिपाही प्रेम नारायण द्वारा मुकदमा लिखवाने के नाम पर पांच रुपये की रिश्वत ली गई… pic.twitter.com/21ueooO1my
— Tushar Rai (@tusharcrai) November 11, 2026
तबादले के बाद भी नहीं हुई रवानगी
इस मामले में सिपाही प्रेम नारायण के तबादले को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि उसका प्रशासनिक आधार पर गैर-थाने तबादला पहले ही किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद उसकी रवानगी नहीं की गई। आरोप यह भी है कि वह स्थानीय स्तर पर लगातार सक्रिय था। हालांकि, तबादले और रवानगी से जुड़े तथ्यों की विभागीय पुष्टि सामने आना बाकी है।
इसे भी पढ़ें: ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर भड़कीं रोहिणी, पूछा- आपकी बेटी होती तो क्या करते?
दरोगा पर भी लगा था डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप
रहीमाबाद थाने में रिश्वतखोरी का आरोप पहली बार नहीं लगा है। इससे पहले थाने में तैनात उपनिरीक्षक उमेश यादव पर एक मामले को निपटाने के एवज में डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप लगा था। इस प्रकरण की जांच एसीपी मलिहाबाद द्वारा किए जाने की बात सामने आई थी।
लगातार सामने आ रहे इन आरोपों ने रहीमाबाद थाने की कार्यप्रणाली और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि वायरल CCTV फुटेज और सिपाही प्रेम नारायण पर लगे आरोपों को लेकर पुलिस विभाग क्या कार्रवाई करता है।
इसे भी पढ़ें: दिल्ली का ‘ऑपरेशन लखनऊ’ और बीजेपी का अंदरूनी महासंग्राम
