बस्ती में सपा को झटका, राम प्रसाद चौधरी के भतीजे अरविंद चौधरी BJP में शामिल

UP Election 2027

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दल-बदल की राजनीति तेज होने लगी है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी के खेमे में सेंध लगाते हुए बस्ती से सपा के पूर्व सांसद और वरिष्ठ कुर्मी नेता राम प्रसाद चौधरी के भतीजे अरविंद चौधरी को पार्टी में शामिल कराया है। बुधवार को अरविंद चौधरी ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ बांदा के सपा नेता अनिल यादव ने भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया।

लखनऊ स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष और मंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री स्वतंत्र देव सिंह तथा परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह की मौजूदगी में दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।

कुर्मी वोट बैंक को साधने की रणनीति

अरविंद चौधरी का बीजेपी में शामिल होना केवल एक राजनीतिक दल-बदल के रूप में नहीं देखा जा रहा है। इसे पूर्वांचल की जातीय राजनीति और 2027 के विधानसभा चुनाव से जुड़े सामाजिक समीकरणों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। बस्ती और आसपास के जिलों में कुर्मी समाज की राजनीतिक भूमिका अहम रही है। राम प्रसाद चौधरी इस समाज के प्रमुख राजनीतिक चेहरों में शामिल हैं। ऐसे में उनके परिवार से जुड़े अरविंद चौधरी का भाजपा में जाना राजनीतिक रूप से चर्चा का विषय बन गया है।

बीजेपी प्रदेश में अपने सामाजिक आधार को विस्तार देने की कोशिश कर रही है। कुर्मी समाज को लेकर पार्टी की रणनीति भी इसी कवायद का हिस्सा मानी जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी कुर्मी समाज से आते हैं। ऐसे में अरविंद चौधरी की जॉइनिंग को बस्ती और आसपास के क्षेत्रों में पार्टी की सामाजिक पहुंच बढ़ाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

PDA की राजनीति के बीच सपा के लिए नई चुनौती

समाजवादी पार्टी की PDA रणनीति में पिछड़े वर्गों की भागीदारी और लामबंदी को प्रमुख स्थान दिया गया है। कुर्मी समाज भी पार्टी के सामाजिक आधार का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। राम प्रसाद चौधरी की क्षेत्रीय राजनीतिक पकड़ का असर बस्ती और आसपास के इलाकों में सपा की राजनीति पर रहा है।

ऐसे में उनके भतीजे का बीजेपी में शामिल होना सपा के लिए राजनीतिक और संगठनात्मक चर्चा का विषय है। हालांकि, इस एक घटनाक्रम से क्षेत्र के जातीय या चुनावी समीकरणों में कितना बदलाव आएगा, यह आने वाले समय में ही स्पष्ट होगा।

पंकज चौधरी ने किया नए सदस्यों का स्वागत

सदस्यता कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दोनों नेताओं और उनके समर्थकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी विचारधारा पर आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ता सर्वोपरि है। नए सदस्यों के पार्टी से जुड़ने से संगठन को ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया।

इसे भी पढ़ें: सिपाही रिश्वत लेते CCTV में कैद, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

2027 से पहले तेज हुई सियासी जोड़-तोड़

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने की कोशिशें तेज होती दिखाई दे रही हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव PDA के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एकजुट करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। वहीं बीजेपी विपक्षी दलों के नेताओं को अपने साथ जोड़कर संगठन का विस्तार कर रही है।

अरविंद चौधरी और अनिल यादव का बीजेपी में शामिल होना इसी राजनीतिक हलचल की एक कड़ी है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में दोनों दल अपने-अपने सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

इसे भी पढ़ें: ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर भड़कीं रोहिणी

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...