CM भगवंत मान के चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान भाजपा में शामिल, नायब सैनी ने कसा तंज
चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। यह कदम अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले मुख्यमंत्री के परिवार में भाजपा की बड़ी सेंध के रूप में देखा जा रहा है। ज्ञान सिंह के साथ उनके कई समर्थक भी पार्टी में शामिल हुए।
सुनील जाखड़ ने दिलाई सदस्यता
चंडीगढ़ स्थित भाजपा दफ्तर में आयोजित एक समारोह में पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने ज्ञान सिंह मान को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी विशेष रूप से मौजूद रहे और उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत किया। इससे पहले, भगवंत मान के चाचा बलजिंदर सिंह भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
पार्टी पंजाब में बड़ी गति से चल रही है: नायब सैनी
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, भाजपा पंजाब में बड़ी गति के साथ चल रही है। ज्ञान सिंह मान अपने साथियों के साथ भाजपा में शामिल हुए हैं। ये भगवंत मान के चचेरे भाई हैं, इनका मैं स्वागत करता हूं।
सैनी ने इस मौके पर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, आने वाले समय में केजरीवाल और मान साहब की सरकार पश्चिम बंगाल के नतीजों के बाद बौखला गई है। केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का समर्थन किया और उनका सूपड़ा साफ हो गया। कांग्रेस का समर्थन किया, तो कांग्रेस का भी सूपड़ा साफ हुआ।
ईडी तो स्वतंत्र एजेंसी है, भ्रष्टाचार होगा तो जाएगी
नायब सैनी ने ईडी की कार्रवाई को लेकर भी आप सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, ईडी तो स्वतंत्र एजेंसी है, जहां भ्रष्टाचार होगा वहां ईडी जाएगी। ये कहते हैं कि हमारी सरकार ईमानदार है। पार्टी कट्टर ईमानदार है तो फिर ईडी क्यों कार्रवाई कर रही है?
महिलाओं को हजार रुपये देने का वादा पूरा नहीं किया
सैनी ने आप सरकार पर वादे पूरे न करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, इन्होंने महिला दिवस पर स्पेशल सेशन बुलाया कि महिलाओं को एक-एक हजार रुपये देंगे, लेकिन यह वादा पूरा नहीं किया। हरियाणा में सातवां वेतन आयोग लागू करने का काम हमारी सरकार ने किया, लेकिन पंजाब में छठा वेतन आयोग भी नहीं दिया गया है। जो रिटायर्ड हो गए हैं, उन्हें पेंशन नहीं दी जा रही है।
इसे भी पढ़ें: सपा सांसद के सामने ही पार्टी विधायक ने सीएम योगी की तारीफ में पढ़े कसीदे
बलजिंदर सिंह ने मान सरकार पर लगाए थे गंभीर आरोप
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री के चाचा बलजिंदर सिंह के ढाबे की रसोई बंद करवा दी थी। इसके बाद बलजिंदर सिंह ने आप सरकार पर जमकर हमला बोला था और कहा था कि सरकार एनआरआई को पंजाब में बुलाती है, लेकिन उनके कारोबार बंद करवा रही है।
ज्ञान सिंह मान आम आदमी पार्टी के लिए लोकसभा और विधानसभा चुनावों में प्रमुख अभियान रणनीतिकार रहे हैं। वह अक्सर मान सरकार की नीतियों की मुखर होकर आलोचना भी करते थे। पंजाब में आई बाढ़ से निपटने के तरीके और प्रशासन की विफलताओं पर उन्होंने सवाल उठाए थे। वह सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर सरकार की नीतियों पर लगातार सवाल उठाते रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड का शूटर ठाकुर राज सिंह अयोध्या से गिरफ्तार
