शुभेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड का शूटर ठाकुर राज सिंह अयोध्या से गिरफ्तार, मां बोलीं- बेटा कोलकाता कभी नहीं गया

Shubhendu Adhikari PA Murder

Shubhendu Adhikari PA Murder: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या में कोलकाता पुलिस को रविवार की रात बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अयोध्या में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसे हत्याकांड में शामिल शूटर बताया जा रहा है। आरोपी की पहचान ठाकुर राज सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बलिया का निवासी है। कोलकाता पुलिस ने उसे तब हिरासत में लिया जब वह लखनऊ में एक हाईप्रोफाइल शादी में शामिल होकर अपनी मां के साथ लौट रहा था।

बक्सर से पूछताछ के बाद मिला सुराग

अयोध्या में एडीजी जोन प्रवीण कुमार ने बताया कि बलिया निवासी राज सिंह को अयोध्या पुलिस की मदद से रविवार देर रात पश्चिम बंगाल पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। सूत्रों के मुताबिक, बिहार के बक्सर में पहले से गिरफ्तार दो युवकों से पूछताछ के बाद राज सिंह तक पहुंचा गया। ठाकुर राज सिंह के नाम से बने फेसबुक पेज पर उसकी लखनऊ की इस शादी की कई तस्वीरें मौजूद हैं, जिसमें वह कई नेताओं और पुलिस वालों के साथ नजर आ रहा है।

मां ने किया गिरफ्तारी का विरोध

राज सिंह की गिरफ्तारी के समय उसकी मां भी उसके साथ मौजूद थीं। मां ने गिरफ्तारी का जमकर विरोध किया। जब उन्होंने गिरफ्तारी का कारण पूछा तो उन्हें बताया गया कि पूछताछ के बाद उनके बेटे को छोड़ दिया जाएगा। बलिया में मीडिया से बात करते हुए राज सिंह की मां ने कहा, मेरा बेटा कभी कोलकाता नहीं गया। हमारी कोलकाता में कोई रिश्तेदारी भी नहीं है। वहां से सीसीटीवी फुटेज देखा जाए। हत्या वाले दिन भी मेरा बेटा मेरे घर पर था। हमारा भी मोबाइल चेक कर लिया जाए।

मां ने आगे कहा, हम लोग अयोध्या से दर्शन करके लौट रहे थे। इसी दौरान कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मेरा बेटा हमेशा मेरे पास ही रहता था। हमारे घर पर सीसीटीवी कैमरा भी लगा है। पूरा कैमरा चेक कर लिया जाए।

इसे भी पढ़ें: PM मोदी ने 24 घंटे में दूसरी बार की तेल बचाने की अपील

पहले भी हत्या में आ चुका है नाम, क्षत्रिय महासभा का महासचिव

राज सिंह मूल रूप से बलिया के गड़वार थाने के बुढ़ऊ कुरेजी का रहने वाला है। शहर के आनंद नगर मोहल्ले में उसका मकान है। 13 अक्तूबर, 2020 को एक दिव्यांग अंडा दुकानदार की हत्या में भी राज सिंह का नाम आ चुका है और वह उस मामले में आरोपी है। राज सिंह के पिता का निधन हो चुका है और उनकी मां डाकघर में नौकरी करती हैं।

राज सिंह के फेसबुक प्रोफाइल के अनुसार, वह अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, उत्तर प्रदेश का महासचिव भी है। वह चिलकहर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए दावेदारी पेश कर रहा था और सभासदी की भी तैयारी कर रहा था।

तीन दिन पहले ही राज सिंह लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के नाती एमएलसी रविशंकर सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने गया था। जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित इस शादी के दौरान की कई तस्वीरें उसके प्रोफाइल पर मौजूद हैं, जिसमें वह कई नेताओं और पुलिस अधिकारियों के साथ दिखाई दे रहा है। फिलहाल कोलकाता पुलिस आरोपी को लेकर अपने राज्य रवाना हो गई है और मामले की गहन जांच जारी है।

इसे भी पढ़ें: शालीमार पैराडाइज सोसाइटी में चोरी के बाद मेंटेनेंस बजट पर उठे सवाल

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...