पटना: बाढ़ हमेशा तबाही लेकर आती है, वहीं नदी में डूबने के हादसे भी बढ़ जाते हैं। बिहार के मोतिहारी में आज सुबह 10 बजे के करीब नाव डूबने से बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में 20 लोग लापता हो गए है, जबकि एक की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक चिरैया प्रखंड के सिकरहना नदी में रविवार की सुबह एक नाव डूब गई। इस नाव में 25 लोग सवार थे। इस हादसे में एक की मौत हो गई है, जबकि चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं 20 लोग अभी भी लापता हैं।

नाव में सवार सभी घास लाने के लिए जा रहे थे। नाव डूबने की घटना से क्षेत्र में कोहराम मच गया है। स्थानीय लोगों की मदद से नाव में सवार एक बच्ची के शव को निकाल लिया गया है, जबकि चार महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है।बताया जा रहा है कि एसडीआरएफ की टीम भी पहुंचने वाली हैं।

इसे भी पढ़ें: गोरखपुर वाया अयोध्या पहुंचेंगे योगी

लापता 20 लोगों की तलाश स्थानीय लोगों के साथ गोताखेर कर रहे हैं। जबकि लापता लोगों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। घटना स्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है। पुलिस गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि नदी में बहाव काफी तेज है, जिसके चलते लापता लोगों का पता लगाने में काफी दिक्कत आ रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।

इसे भी पढ़ें: डेंगू और वायरल बुखार से हाहाकार

Spread the news