तलाक की खबरों के बीच सपना चौधरी ने दूसरी शादी पर तोड़ी चुप्पी, प्यार और रिश्तों को लेकर दिए यह संकेत

Sapna Choudhary Divorce News

Sapna Choudhary Divorce News: अपने शानदार डांस, दमदार स्टेज परफॉर्मेंस और बेबाक अंदाज के लिए मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा उनके डांस या किसी नए प्रोजेक्ट की नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी और तलाक से जुड़ी खबरों की है। हाल ही में एक पॉडकास्ट में सपना चौधरी ने अपने रिश्ते, तलाक की अर्जी, बीते अनुभवों और भविष्य में दूसरी शादी की संभावनाओं पर खुलकर अपनी राय रखी। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह जिंदगी में दोबारा शादी करना चाहेंगी, तो उन्होंने ऐसा जवाब दिया जिसने सबका ध्यान खींच लिया।

दूसरी शादी के सवाल पर दो टूक जवाब

पॉडकास्ट के दौरान सपना चौधरी से सीधे सवाल किया गया कि क्या वह भविष्य में दूसरी बार शादी करेंगी? इस पर उन्होंने शुरुआत में ही साफ शब्दों में ‘नहीं’ कह दिया। जब होस्ट ने उनसे कहा कि प्यार कभी भी हो सकता है और दूसरी शादी करने में कोई बुराई नहीं है, तो सपना ने अपने अंदाज में जवाब दिया।

उन्होंने कहा, मुझे लगता है प्यार कोई गाजर-मूली नहीं है कि ऐसे चलते-फिरते, पहली बात तो मेरे जैसी लड़की को नहीं होगा। सपना ने आगे खुद को बेहद भावुक इंसान बताते हुए कहा कि उनके लिए प्यार कोई आसान या सामान्य एहसास नहीं है। वह किसी से भी गहराई से जुड़ती हैं। हालांकि, उन्होंने भविष्य की संभावनाओं को पूरी तरह खारिज भी नहीं किया। उनके मुताबिक, अगर आगे चलकर कोई व्यक्ति उनके प्यार के काबिल हुआ तो इस बारे में सोचा जा सकता है, लेकिन फिलहाल ऐसा कुछ नहीं है।

टूटे रिश्ते ने सिखाए कई सबक, दोबारा प्यार करना नहीं आसान

बातचीत में जब तलाक की आगामी कोर्ट डेट्स का जिक्र हुआ, तो सपना चौधरी ने अपने पुराने रिश्ते से मिले अनुभवों पर बात की। उन्होंने कहा कि वह अपने रिश्तों से बहुत कुछ सीख चुकी हैं और उन्हें नहीं लगता कि इतनी जल्दी वह किसी के प्यार में पड़ पाएंगी।

सपना ने कहा, मुझे नहीं लगता कि मैं कर पाऊंगी क्योंकि मैं सीखी हूं, मैं अपने रिश्तों से बहुत कुछ सीखी हूं। तो मुझे नहीं लगता कि मुझे इतनी जल्दी किसी से प्यार हो सकता है। लेकिन जब भी होगा तो फिर खतरनाक ही होगा। इस दौरान होस्ट ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनका पहला प्यार भी इतना खतरनाक था कि मामला कोर्ट तक पहुंच गया। इस पर सपना ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, मैंने बोला ना कि मैं खुश हूं। फैसला मेरा था। मैंने दूसरे से नहीं पूछा वो। उनके इस जवाब से साफ झलकता है कि वह अपने फैसले को लेकर किसी तरह का पछतावा जाहिर नहीं करना चाहतीं।

बोलीं सपना, अकेले रहना ज्यादा पसंद

तलाक के बाद महिलाओं की जिंदगी और दोबारा शादी को लेकर समाज की सोच पर भी सपना चौधरी ने अपनी राय रखी। उन्होंने माना कि फिलहाल उनके लिए दूसरी शादी के बारे में सोचना भी अजीब लगता है। सपना के मुताबिक, इस सोच को बदलने के लिए कोई ऐसा व्यक्ति उनकी जिंदगी में आना होगा, जिसकी शख्सियत और सोच असाधारण हो। उन्होंने कहा कि अगर कोई ऐसा बेहतरीन इंसान मिला, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की हो, तभी इस सामाजिक धारणा को तोड़ने की संभावना बन सकती है। अपनी आजादी और आत्मनिर्भरता पर बात करते हुए सपना ने कहा, मुझे लगता है कि मैं जितनी खुश अकेली, जितनी फ्री अकेली या जितने अच्छे से अपने आपको ग्रूमिंग मैं अकेली दे सकती हूं, कोई और नहीं दे सकता।

पुराने रिश्ते के सपोर्ट और आज मिलने वाले साथ में बताया बड़ा अंतर

सपना चौधरी ने अपने पिछले रिश्ते और मौजूदा जिंदगी के बीच के अंतर पर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि पहले के रिश्ते में उन्हें सपोर्ट और दूसरी सुविधाएं जरूर मिलती थीं, लेकिन उस साथ के पीछे कहीं न कहीं कोई मतलब भी जुड़ा हुआ था। इसके विपरीत, आज उन्हें जो सहयोग और प्यार मिल रहा है, उसमें किसी तरह का स्वार्थ शामिल नहीं है। इसी संदर्भ में उन्होंने नीयत और सीरत के बीच के अंतर को अहम बताया। सपना की बातों से यह स्पष्ट हुआ कि अब वह किसी भी रिश्ते में सिर्फ साथ या सहयोग को नहीं, बल्कि सामने वाले की वास्तविक मंशा और उसके व्यवहार को ज्यादा महत्व देती हैं।

पॉडकास्ट में सपना चौधरी से शादीशुदा जिंदगी को बेहतर तरीके से चलाने के लिए तीन टिप्स भी मांगे गए। इस पर उन्होंने अपने निजी अनुभवों के आधार पर रिश्तों को लेकर एक अलग नजरिया पेश किया। सपना ने कहा कि अगर किसी को शादी निभानी है तो सबसे पहले रिश्ते से प्यार को निकाल देना चाहिए। इसके बाद उन्होंने दो अन्य जरूरी बातों पर जोर दिया।

उनके मुताबिक, शादी को सफल बनाने के लिए सबसे जरूरी है कि पति-पत्नी एक-दूसरे को सम्मान दें और सामने वाले व्यक्ति के साथ-साथ उसकी कोशिशों की भी कद्र करें। यानी किसी रिश्ते में सिर्फ भावनाओं के भरोसे नहीं, बल्कि सम्मान और एक-दूसरे की अहमियत समझने से भी मजबूती आती है।

इसे भी पढ़ें: जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से जानलेवा हमला

सपना चौधरी के लिए अब यही है प्यार की नई परिभाषार

बातचीत के अंत में सपना चौधरी ने प्यार की अपनी बदलती परिभाषा के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि अब उनके लिए उनका स्टेज, उनकी ऑडियंस, उनकी टीम, उनका घर और परिवार ही प्यार का सबसे बड़ा आधार हैं। सपना के मुताबिक, जो लोग उनकी जिंदगी में उन्हें महत्व और सम्मान देंगे, वह भी उन्हीं लोगों को उतनी ही अहमियत देंगी।

कुल मिलाकर, सपना चौधरी के इस पॉडकास्ट इंटरव्यू में उनके निजी अनुभवों, रिश्तों से मिली सीख और आत्मनिर्भर सोच की झलक देखने को मिली। दूसरी शादी को लेकर फिलहाल उन्होंने साफ इनकार किया है, लेकिन भविष्य की संभावनाओं को पूरी तरह बंद भी नहीं किया। उनके बेबाक जवाब अब सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

इसे भी पढ़ें: औद्योगिक विकास में उम्मीदें जगाता बिहार

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...