Bigg Boss फेम अर्चना गौतम की कांग्रेस में वापसी, प्रियंका गांधी के पीए पर लगाए थे गंभीर आरोप
UP Congress: मेरठ की रहने वाली अभिनेत्री और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अर्चना गौतम एक बार फिर कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। प्रियंका गांधी की टीम के साथ विवाद के बाद पार्टी से निष्कासित की गईं अर्चना की वापसी यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कराई है। अर्चना ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर अपनी वापसी की जानकारी दी है।

विवाद के बाद हुई थीं पार्टी से निष्कासित
अर्चना गौतम का कांग्रेस से पुराना नाता रहा है। वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें मेरठ की हस्तिनापुर सीट से उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह के साथ उनका विवाद सामने आया, जिसके चलते कांग्रेस ने उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था।
यह विवाद दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रवेश को लेकर हुआ था। अर्चना ने आरोप लगाया था कि महिला आरक्षण बिल पारित होने पर बधाई देने के लिए वह अपने पिता के साथ पार्टी कार्यालय पहुंची थीं, लेकिन उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। उन्होंने धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप भी लगाया था।

उस समय अर्चना गौतम ने कहा था कि उन्हें कार्यालय के गेट पर ही रोक दिया गया और बताया गया कि ऊपर से आदेश है कि उनकी एंट्री प्रतिबंधित है। उन्होंने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए सवाल भी उठाए थे।
इसे भी पढ़ें: सोनिया गांधी की बायोग्राफी पर कंगना रनौत का तंज
प्रियंका गांधी से प्रभावित होकर आई थीं राजनीति में
अर्चना गौतम ने वर्ष 2022 में कांग्रेस की सदस्यता ली थी। उन्होंने बताया था कि प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान से प्रभावित होकर उन्होंने राजनीति में कदम रखा। छत्तीसगढ़ के तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा था।

फिल्मों और रियलिटी शो से भी मिली पहचान
राजनीति के अलावा अर्चना गौतम मनोरंजन जगत में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। वह लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा ‘ग्रेट ग्रैंड मस्ती’ और ‘हसीना पारकर’ जैसी फिल्मों में काम किया है। उन्होंने तमिल और दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी अभिनय किया है।

अर्चना सौंदर्य प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुकी हैं। उनके नाम मिस उत्तर प्रदेश 2014 और मिस कॉस्मो इंडिया 2018 जैसे खिताब दर्ज हैं। अब कांग्रेस में उनकी वापसी के बाद एक बार फिर उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत हो गई है।
इसे भी पढ़ें: ओवैसी और चंद्रशेखर के नए गठबंधन से बदलेगा सियासी गणित
