जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से जानलेवा हमला, 5 घायल, 3 की हालत गंभीर

Jama Masjid Police Station Attack

Jama Masjid Police Station Attack: राजधानी दिल्ली में अपराधियों के बेखौफ होने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अब पुलिस थाने के भीतर भी पुलिसकर्मी सुरक्षित नहीं दिखाई दे रहे हैं। पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मां और बहन को परेशान करने की मिली थी शिकायत

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान नबील के रूप में हुई है। उसके खिलाफ शिकायत मिली थी कि वह अपनी मां और बहन को परेशान करता है। इसी शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने सोमवार को उसे पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया था। थाने में पुलिसकर्मी उससे परिवार से जुड़े विवाद के संबंध में जानकारी ले रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकाल लिया और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला शुरू कर दिया।

दोपहर ढाई बजे थाने में मची अफरा-तफरी

बताया जा रहा है कि हमले की यह घटना दोपहर करीब ढाई बजे हुई। आरोपी ने पुलिसकर्मियों को संभलने तक का मौका नहीं दिया और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगा। अचानक हुए इस हमले से थाने के भीतर अफरा-तफरी मच गई। हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उनके चेहरे और गर्दन पर चाकू से चोटें आई हैं। घटना के बाद तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

हमले में घायल पांचों पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन पुलिसकर्मियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दो अन्य घायल पुलिसकर्मियों का संजीवनी अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम सभी घायलों की निगरानी कर रही है।

इसे भी पढ़ें: औद्योगिक विकास में उम्मीदें जगाता बिहार

हमले के बाद थाने से फरार हुआ आरोपी

पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद आरोपी नबील थाने से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि फरार होने के लिए उसने एक दोपहिया वाहन भी चुरा लिया था। हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुटी है।

इस घटना के बाद पुलिस कई अहम पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पारिवारिक विवाद को लेकर पूछताछ के दौरान आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला क्यों किया। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के पास चाकू कहां से आया और वह उसे लेकर थाने के अंदर कैसे पहुंचा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें: गोधरा ट्रेन अग्निकांड के दोषी इरफान को मिली जमानत

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...